रांचीः भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने धुर्वा एवं जगरनाथपुर क्षेत्र से लापता तीन बच्चे करण, अर्जुन और शिवा के परिजनों से शुक्रवार को मुलाकात की. परिजनों से उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार द्वारा बताई गई बातें और थाने में दर्ज प्राथमिकी के विवरण में गंभीर विरोधाभास दिखाई देता है. बच्चों की माता का बयान कुछ और है, जबकि एफआईआर में अलग बातें दर्ज हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार पढ़ा-लिखा नहीं है और पुलिस ने अपने बचाव में मनमाने ढंग से प्राथमिकी दर्ज करने का काम किया है. इससे पुलिस की भूमिका पर संदेह उत्पन्न होता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से तीनों बच्चों की अविलंब बरामदगी सुनिश्चित करने तथा मामले की निष्पक्ष और गंभीर जांच की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो भारतीय जनता पार्टी जनआंदोलन के लिए बाध्य होगी.
इसके साथ ही उन्होंने धुर्वा मंडल एवं भाजपा राँची महानगर के कार्यकर्ताओं और आम जनता से आह्वान किया कि बच्चों की बरामदगी और पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता के विरोध में शनिवार की शाम 6 बजे मशाल जुलूस निकाला जाएगा.
खोरहाटोली से लापता बच्ची
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि रांची के कोकर स्थित खोरहा टोली रोड नं-02 से लापता 18 माह की मासूम बच्ची अदिति का आज तक कोई पता पुलिस प्रशासन नहीं लगा सकी है. स्पष्ट है कि पुलिस प्रशासन अपने दायित्वों को लेकर गंभीर नहीं दिखती है. इस दिशा में भी पुलिस ठोस कार्रवाई करे.
