साहिबगंजः झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा है कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा में हर कार्यकर्ता की भूमिका अहम है. पार्टी के कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करें और छूटे हुए नाम जोड़ने तथा हटाए गए नामों को पुनः शामिल कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं.
उन्होंने एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इसके माध्यम से योग्य मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि झामुमो इस तरह के प्रयासों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगा और हर पात्र नागरिक के मतदान अधिकार की रक्षा सुनिश्चित करेगा.
उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन की नींव है. झामुमो का हर कार्यकर्ता किसी भी पात्र मतदाता का नाम कटे नहीं, इसकी जवाबदेही सुनिश्चित हो.
विजय हांसदा ने अपने संबोधन में कहा कि बूथ स्तर के पार्टी पदाधिकारी ही पार्टी की असली ताकत है उन्हें क्षेत्र भ्रमण करते हुए अपने योग्य मतदाताओं का सहयोग करते हुए उनके नाम को मतदाता सूची में जोड़वाना है, ताकि हमारे वोटर सुरक्षित रहें.
हेमलाल मुर्मू जी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की विस्तृत जानकारी देते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं व BLA-2 को सक्रिय रहकर हर बूथ में मैपिंग कराने में मतदाताओं को सहयोग करने का निर्देश दिया.
बूथ स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में पार्टी के कई प्रमुख नेता और जिला अध्यक्ष मौजूद रहे.
