रांचीः हेमंत सोरेन कैबिनेट ने जंगली जानवरों के हमलों से मरने वालों के परिजनों को दस लाख रुपये मुआवजा देने का निर्णय लिया है. पहले जंगली जानवरों के हमले में चार लाख रुपये दिए जाने का प्रावधान था.
सोमवार को हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है. इसमें वन्यजीवों के हमले में होने वाली मौत और घायल होने की स्थिति में दी जाने वाली मुआवजा राशि में भारी बढ़ोतरी (संशोधन) से जुड़े प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है.
इसके साथ ही, पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए मृत्यु के मामलों में 1 लाख रुपये की अनुग्रह राशि तुरंत (ऑन द स्पॉट) देने का भी नया प्रावधान किया गया है.
इसके अलावा फसलों के नुकसान, भंडारण अनाज और मकान की क्षति पर भी मुआवजे के प्रावधान को बदलते हुए राशि की बढ़ोत्तरी की गई है.
घायल होने की स्थिति में
न्यजीवों के हमले में गंभीर रूप से घायल होने वाले व्यक्ति को अब 2 लाख रुपये और सामान्य रूप से चोटिल होने पर 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. वहीं, स्थाई रूप से अपंग (दिव्यांग) होने की स्थिति में मिलने वाली 3 लाख 25 हजार रुपये की राशि को बढ़ाकर अब 3 लाख 50 हजार रुपये की गई है.
कैबिनेट के अन्य महत्वपूर्ण फैसले
▪️ सेवानिवृत्त अभियंता प्रमुख मुरारी भगत को सेवा काल में धारित उच्चतर प्रभारी पदों के अनुरूप वेतन एवं अन्य लाभ देने की मंजूरी.
▪️ एनएच-419 (पोखरिया मोड़-गोविंदपुर) फोरलेन परियोजना में उपयोग होने वाली भूमि के बदले धनबाद के पूर्वी टुंडी स्थित 5.84 एकड़ भूमि को क्षतिपूरक वनीकरण हेतु वन विभाग को स्थायी हस्तांतरण की स्वीकृति.
▪️ राज्य सरकार के विभिन्न कार्यालयों में सृजित कंप्यूटर ऑपरेटर पदों के वेतनमान एवं संविदा भुगतान को मंजूरी.
▪️ JharNet 2.0 परियोजना की अवधि 31 जुलाई 2026 तक बढ़ाने और इसके लिए ₹65.50 करोड़ खर्च की स्वीकृति.
▪️ गोड्डा समाहरणालय एवं संबद्ध कार्यालयों में अनियमित रूप से नियुक्त 5 कर्मियों की सेवा नियमितीकरण को मंजूरी.
▪️ बोकारो जिले के पर्वतपुर कोल ब्लॉक में 2174.52 एकड़ क्षेत्र पर कोयला खनन पट्टा की स्वीकृति.
नामकुम-डोरंडा पथ फोरलेन होगा
राज्य मंत्रिपरिषद ने रांची पथ प्रमंडल के अंतर्गत नामकुम-डोरंडा मार्ग (MDR-002) के 6.70 किमी सड़क को चार लेन में चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए ₹162.82 करोड़ की द्वितीय पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति दी है.
