रांची : रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में निरावरणपुर स्थित आरएसएस के कार्यालय पर देर रात पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना की जांच में पुलिस जुटी है. बम फेकने वाले दो लड़के सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए हैं.
सुबह जब स्वयंसेवक एकात्मता स्तोत्र पाठ के लिए हॉल में गए तो फर्श पर पेट्रोल भरी बोतलें दिखीं. इसके बाद सीसीटीवी फुटेज देखा गया, तब जाकर हमले की पूरी जानकारी सामने आई.
घटना के समय कार्यालय में प्रांत प्रचारक गोपाल शर्मा, प्रांत सह-व्यवस्था प्रमुख आनंद तुलस्यान, अजय कुमार, प्रांत कार्यालय प्रमुख नरसिंह सिंह, महानगर प्रचारक विशाल कुमार समेत कई स्वयंसेवक और कर्मचारी मौजूद थे.
घटना की जानकारी मिलने पर रांची के एसएसपी राकेश रंजन जायजा लेने पहुंचे हैं. कार्रवाई को लेकर उन्होंने पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान करने में जुटी है.

इस बीच भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, रांची के विधायक सीपी सिंह और सांसद सह केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ निवारणपुर पहुंचे. उन्होंने कार्यालय के पदाधिकारियों से भी घटना की जानकारी ली.
भाजपा नेताओं ने इस घटना पर चिंता जतायी है. बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि इस घटना को लेकर उन्होंने डीजीपी तथा एसएसपी से बात कर जल्दी उन अपराधियों की गिरफ्तारी करने को कहा है.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि संघ कार्यालय में इस प्रकार का हमला होता है तो ये कोई छोटी-मोटी घटना नहीं है. क्षेत्र में पुलिस पिकेट की व्यवस्था हो जिससे कि घटना की पुनरावृत्ति न हो.
रात 12.36 बजे की घटना
सांसद संजय सेठ ने बताया है कि 12:36 पर दो युवक आकर पेट्रोल बम से हमला करते हैं. एक दूसरी मंजिल पर, एक नीचे. यह कोई साधारण घटना नहीं है, सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि एक टैक्सी है और सपोर्ट में एक मोटरसाइकिल है. उन्होंने कहा कि युवक एक बार नहीं दो बार आए हैं. एक बार आए हैं, अपना चेहरा छुपाया, बम मारा. फिर चले गए. फिर वापस आए और दूसरा बम चलाया. इनकी योजना लंबी थी.
उन्होंने कहा कि जल्दी अपराधियों की अगिरफ्तारी हो.
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा रहा है कि मंगलवार की रात दो युवक एक प्लास्टिक डब्बे में पेट्रोल लेकर आए है. इसके बाद बोतल में भरकर इसे आरएसएस कार्यालय परिसर में फेंक दिया. इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. कार्यालय में दो पेट्रोल बम फेंका गये थे, जिसमें एक बम विस्फोट हुआ.
