जमशेदपुरः लौहनगरी जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र के खड़िया बस्ती में दोर रात गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई. यह बैठकी शराब के साथ चल रही थी. इस बीच विवाद हुआ. और फिर गोली चल गई. गोली लगने से देवदास गौड़ नामक युवक की मौत हो गई है.
पुलिस ने युवक की हत्या मामले में सरायकेला खरसावां जिले के आरआईटी थाना के एएसआई पंकज कुमार, देवाशीष पोद्दार और नीरज प्रधान को हिरासत में लिया है. तीनों से पूछताछ जारी है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा, एक थार वाहन भी जब्त किया है.
इससे पहले गोली लगने के बाद राजनगर में रहने वाले देवदास गौड़ को उसके साथियों ने ही इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
गौड़ और पोद्दार के बीच विवाद
पुलिस के अनुसार खड़िया बस्ती में सभी लोग देर रात शराब और नशे का सेवन कर रहे थे. इसी दौरान देवदास गौड़ और देवाशीष पोद्दार के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया.
विवाद इतना बढ़ गया कि देवाशीष ने देसी कट्टे से गोली चला दी, जो देवदास के गर्दन में जा लगी.
घटना के बाद आरोपी उसे लेकर एमजीएम अस्पताल पहुंचे, लेकिन भर्ती कराने के बाद वहां से निकलने का प्रयास करने लगे. संदेह होने पर पुलिस ने तीनों को मौके से हिरासत में ले लिया.
जमीन को लेकर विवाद
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और घटनास्थल को लेकर बार-बार बयान बदलते रहे. सख्ती से पूछताछ के बाद गोली चलने की बात स्वीकार की.
इधर, जांच के दौरान जब्त थार वाहन से जमीन से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले हैं. इसके बाद पुलिस जमीन विवाद के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है.
आशंका जताई जा रही है कि हत्या के पीछे सिर्फ नशे के दौरान हुआ विवाद ही नहीं, बल्कि किसी जमीन संबंधी रंजिश की भी भूमिका हो सकती है.
