रांचीः झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सरकारी स्कूलों में होने वाली अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है.
इसका उद्देश्य अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई, नियमित उपस्थिति और स्कूल से जुड़ी अन्य बातों पर आमने- सामने की चर्चा है. इस बाबत परिषद ने आवश्यक निर्देश जारी किया है.
कब-कब होगी पीटीएम
इस साल पहली पीटीएम 29 जून से 4 जुलाई तक सुबह 9 बजे से 12 बजे तक होगी.
दूसरी पीटीएम 7 से 12 सितंबर तक सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होगी.
तीसरी मीटिंग 7 से 12 दिसंबर तक सुबह 9 बजे से 11:30 बजे तक होगी.
और चौथी मीटिंग 25 से 30 मार्च 2027 तक सुबह 9 बजे से 11:30 बजे तक होगी.
किन बातों पर चर्चा होगी
बैठक में बच्चों की पढ़ाई की प्रगति, नियमित उपस्थिति और पढ़ाई में आ रही समस्याओं पर अभिभावकों से चर्चा की जाएगी. जिन बच्चों की पढ़ाई कमजोर है, उनके लिए सुधार की योजना बनाई जाएगी. इसके अलावा स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा पढ़ाई से जोड़ने और 5 से 18 साल तक के सभी बच्चों का स्कूल या आंगनबाड़ी में नामांकन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जाएगा.
जेइपीसी ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि पीटीएम में विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC), माता समिति और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए. साथ ही ज्यादा से ज्यादा अभिभावकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए पहले से प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है.
