रामगढ़ः झारखंड के रामगढ़-बोकारो एनएच पर लारी गांव के पास गुरुवार की देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या आठ हो गई है. सात लोगों ने मौके पर दम तोड़ा था. जबकि एक घायल युवक ने इलाज के दौरान रिम्स में दम तोड़ दिया. इस हादसे के बीद पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा है.
मरने वालों में डाड़ी प्रखंड के हुआग पंचायत अंतर्गत कठरेवा टोला के मनीष कुमार माही और हेमंत कुमार भी शामिल हैं. मनीष कुमार माही ताशा पार्टी का संचालन करता था. मोहर्रम को लेकर गया में उसे ताशा पार्टी की एक बुकिंग मिली थी. मनीष का साथी हेमंत कुमार सवारी वाहन चलाने के साथ ताशा पार्टी में मशीन बजाने का भी काम करता था. दोनों युवक गांव में पड़ोसी भी थे.
दोनों अपने-अपने परिवार के कमाऊ सदस्य थे और उनकी कमाई से ही घर का खर्च चलता था. एक ही रात में दोनों परिवारों का सहारा छीन जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
हादसे की सबसे मार्मिक तस्वीर यह कि हेमंत की शादी इसी वर्ष 18 अप्रैल 2026 को गोला प्रखंड के मोहलीडीह निवासी रजनी कुमारी के साथ हुआ था. शादी के महज दो महीने बाद ही रजनी के सिर से पति का साया उठ गया.
दोनों के शव जब एक साथ दोपहर बाद घर लाए गए, तो पूरे गांव के लोग दुख में शामिल होने पहुंचे.

मारंगमरचा के लिए निकले
बुकिंग पर पहुंचने के लिए गुरुवार की रात मनीष और माही एक साथ पिकअप वाहन पर ताशा पार्टी के अन्य साथियों को लेने के लिए मारंगमरचा पहुंचे. सभी साथियों को लेकर दोनों वापस कठरेवा लौट रहे थे, जहां ताशा पार्टी का और सामान वाहन में लोड कर गया के लिए रवाना होना था.
इस बीच लेकिन लारी गांव के निकट करीब 11.40 बजे तेज गति से आते एक ट्रक और पिकअप वाहन के बीच भीषण टक्कर हो गई. चीख-पुकार मची और आधी रात पल भर में सात लोगों की सांसें थम गईं.
इस टक्कर में मारंगमरचा के जिन छह लोगों की मौत हुई है, उनमें अनोद कुमार, डेविड करमाली, पप्पू करमाली, पवन करमाली, अशोक कुमार, शक्ति कुमार शामिल हैं. सभी आठ युवकों की उम्र 20 से 30 साल की है. मारंगमरचा में मातम पसरा है.
