रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार की छुट्टी प्रसिद्ध जोन्हा फॉल में बितायी. खुद कार ड्राइवर करते हुए वे जोन्हा फॉल पहुंचे. साथ में उनकी पत्नी, जेएमएम की विधायक कल्पना सोरेन भी थीं.
जोन्हा में हेमंत सोरेन ने स्थानीय ग्रामीणों से बात की. उनकी समस्याओं को जाना. समस्याओं के समाधान को लेकर आश्वासन दिए, इस मौके पर उन्होंने पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया.
सोशल मीडिया के एक्स पर इस दौरे को लेकर उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट किया और कई तस्वीरें साझा की. उन्होंने कहा है, “रांची शहर से कुछ दूरी पर स्थित जोन्हा फॉल की हरी-भरी वादियों के बीच कुछ पल बिताने का अवसर मिला. इस दौरान वहां फलों का भी आनंद लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत की. प्रकृति की गोद में बहती निर्मल जलधारा, घने जंगलों की हरियाली और पहाड़ों का शांत सौंदर्य बार- बार यह अहसास कराता है कि झारखंड प्रकृति का अनुपम उपहार है. यह हमारी साझा धरोहर है, जिसे सहेजना और संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.”
सोरेन ने कहा है, “झारखंड के किसी भी कोने में आर चले जाइये, प्रकृति अपने अलग-अलग रंगो में आपका स्वागत करती नजर आएगी. झारखंड की इस धरती पर सभी सैलानियों का स्वागत है. “
सीएम सोरेन ने इस दौरान संकेत दिए कि राज्य सरकार झारखंड के ऐसे प्राकृतिक और ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों के सुंदरीकरण और सुरक्षा को लेकर संजीदा है. जोन्हा फॉल जैसे स्थलों को और अधिक पर्यटक-अनुकूल बनाया जाएगा ताकि स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिल सके और देश-विदेश से आने वाले लोग झारखंड की इस अलौकिक खूबसूरती का आनंद सुरक्षित माहौल में उठा सकें
