रांचीः रांची जिले के अनगड़ थाना क्षेत्र के चन्द्राटोली में सोमवार सुबह कुएं में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत के बाद परिवार में दुखों का पहाड़ा टूट पड़ा है. गांव में शोक है.
इस घटना में सुखराम मुंडा (42 वर्ष) और विनोद मुंडा (35 वर्ष) की मौत हो गई. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. पंचायत के कई प्रतिनिधि घटना की जानकारी लेने गांव पहुंचे हैं.
जानकारी के अनुसार सुबह में छोटा भाई विनोद मुंडा कुएं से पानी निकालने गया था, इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर कुएं में डूब गया. भाई को डूबता देख बड़े भाई सुखराम मुंडा ने उसे बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी.
सुखराम ने अपने भाई को बचाने की काफी मशक्कत की और उसे पानी के ऊपर तक खींच भी लाया था, लेकिन कुएं में पानी का स्तर अधिक होने के कारण वह उसे बाहर नहीं निकाल सका. अंततः दोनों भाइयों की कुएं में ही डूबने से मौत हो गई.
बताया जाता है कि विनोद मुंडा पूर्व में मिर्गी का रोगी था और वह अविवाहित था. जिस कुएं में यह हादसा हुआ उसकी गहराई करीब 30 फीट है, जिसमें 22-23 फीट पानी भरा हुआ था. इस सिंचाई कूप का निर्माण दो वर्ष पूर्व मृतकों के पिता बिरसा मुंडा ने मनरेगा योजना के तहत कराया था. यह घर से थोड़ी दूर पर है. कुएं का मुंडेर अभी तक नहीं बंधा था.
