रांचीः विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने साहिबगंज जिले के बड़हरवा में दस एकड़ जमीन पर कथित अवैध खनन को लेकर सरकार पर हमला बोला है.
झारखंड की जल, जंगल और जमीन को लूटने का आरोप लगाते हुए मरांडी ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
खनन को लेकर उन्होंने एक्स पर एक वीडियो जारी कर प्रशासन की मिलीभगत का दावा किया है. साथ ही कहा है कि राज्य सरकार ने लूटने की कसम खा रखी है.
निंबू पहाड़ का घोटाला फिर ताजा
मरांडी ने कहा है, “साहिबगंज के निंबू पहाड़ में पहले ही 1000 करोड़ रुपये से अधिक के अवैध खनन का मामला सामने आ चुका है, जिसमें सत्ताधारी दल के शीर्ष नेताओं और मुख्यमंत्री के करीबी सहयोगियों की संलिप्तता के आरोप लगे थे. सीबीआई जांच और न्यायालय की कार्यवाही चलने के बावजूद अवैध गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं. मरांडी ने आरोप लगाया कि पिछले 7 वर्षों से खदानों की नीलामी प्रक्रिया को शिथिल कर सरकार अपने करीबियों के जरिए राज्य की प्राकृतिक संपदा का दोहन कर रही है. “
