जमशेदपुरः बिष्टुपुर स्थित ‘डबल डाउन’ (डीडी) बार में हुई हिंसक झड़प और और करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह की मौत के बाद जिला प्रशासन ने बार को सील कर दिया है. इसके साथ ही उपायुक्त ने इस घटना में जांच के आदेश दिए हैं.
इधर जमशेदपुर के एसएसपी ने लापरवाही और गैरजिम्मेदारी को लेकर बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
निलंबन के बाद उनकी जगह पुलिस निरीक्षक निरंजन कुमार को बिष्टुपुर थाना का नया प्रभारी बनाया गया है.
इससे पहले जमशेदपुर के एसएसपी ने पीसीआर वैन में तैनात दो एएसआई और एक आरक्षी को ड्यूटी में लापवरवाही को लेकर सस्पेंड कर दिया था.
मंगलवार को बढ़ते जनाक्रोश और विरोध-प्रदर्शन के बीच आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बार को पूरी तरह से सील कर दिया. वहीं, बार के मालिक और भाजपा नेता नीरज सिंह के मानगो स्थित आवास पर भी पुलिस ने छापेमारी की, हालांकि वह घर पर नहीं मिले.
पुलिस ने उनकी पत्नी से पूछताछ कर जानकारी जुटाई है. जानकारी के अनुसार, बीते 27 जून की रात डीडी बार में डांसर को लेकर विवाद शुरू हुआ था.
आरोप है कि इस विवाद के बाद बार के बाहर हिमांशु सिंह और उनके साथी प्रत्यूष सिंह पर चापड़ और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया. गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई.
जबकि प्रत्यूष का इलाज अस्पताल में जारी है. इस जघन्य हत्याकांड के बाद शहर में भारी आक्रोश फैल गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं. जांच टीम बार के लाइसेंस, संचालन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, सीसीटीवी फुटेज और निर्धारित नियमों के अनुपालन की बारीकी से समीक्षा करेगी.
