रांची: राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर ) की शुरुआत मंगलवार, 30 जून से हो गई. राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार आयोग के पदाधिकारियों के साथ अभियान का जायजा लेने खूंटी पहुंचे.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी खूंटी जिले के तोरपा क्षेत्र में मतदान केंद्र संख्या 84, 87 एवं 89 पर आयोजित बीएलओ एवं बीएलए-2 की बैठक का निरीक्षण किया. उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य एवं कार्य योजना की समीक्षा की. साथ ही जिले के निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त से एसआइआर की प्रगति की जानकारी ली.
उपनिर्वाचन पदाधिकारी (मुख्यालय) धीरज कुमार ठाकुर ने हटिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित बीएलओ तथा बीएल-2 की बैठक का निरीक्षण किया एवं मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्यों की समीक्षा की.
डोर डू डोर जाएंगे
अभियान के पहले दिन राज्यभर के सभी बूथों पर बीएलओ और बीएलए-2 की बैठक आयोजित की गई. बैठक में 29 जुलाई तक मतदाताओं के वेरिफिकेशन के लिए डोर टू डोर कार्यक्रम पर विस्तृत चर्चा हुई. इस दौरान बूथ लेवल ऑफिसर घर-घर जाकर मतदाताओं को आंशिक रूप से भरे हुए फॉर्म उपलब्ध कराएंगे. और भरे हुए फॉर्म के साथ उनकी नवीनतम कलर फोटो प्राप्त करेंगे. हर मतदाता को फॉर्म भरकर बीएलओ को जमा करना होगा. बीएलओ द्वारा दस्तावेजों की मांग केवल उन मामलों में की जाएगी, जहां मैपिंग नहीं हो पायी हो या रिकॉर्ड में कोई विसगंति पायी गयी हो. अनमैप्ड मतदाताओं को चुनाव आयोग के द्वारा निर्धारित 11 दस्तावेजों में एक जमा करना होगा.
राज्य भर में एसआआर शुरू
राज्य के सभी जिलों में एसआआर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इस क्रम में सोमवार को कई जिलों के उपायुक्तों ने बूथों पर पहुंचकर निरीक्षण किया.
रांची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने आज राजकीय मध्य विद्यालय पिस्का नगड़ी में एसआइआर कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने BLO, BLO सुपरवाइजर एवं BLA-2 को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है, जिसमें प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुँचना और मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना सर्वोच्च प्राथमिकता है.
