रांचीः राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने बुधवार को लोक भवन, राँची स्थित दरबार हॉल में चार नवनियुक्त सूचना आयुक्तों को पद की शपथ दिलाई.
इनमें वरिष्ठ पत्रकार और लेखक अनुज कुमार सिन्हा के अलावा अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो तथा शिवपूजन पाठक को झारखण्ड राज्य सूचना आयोग के राज्य सूचना आयुक्त पद की शपथ दिलाई गई.
शपथ ग्रहण के उपरांत राज्यपाल ने सभी नवनियुक्त राज्य सूचना आयुक्तों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की.
इससे पूर्व राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने झारखण्ड राज्य सूचना आयोग के राज्य सूचना आयुक्तों की नियुक्ति संबंधी वारंट का वाचन किया. तत्पश्चात् माननीय राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने सभी नवनियुक्त राज्य सूचना आयुक्तों को शपथ ग्रहण हेतु आमंत्रित किया.
उक्त अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, मंत्री, झारखण्ड सरकार शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद डॉ महुआ माजी एवं बैद्यनाथ राम, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.
