बोकारोः भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को बोकारो जिले में पेटरवार प्रखंड कार्यालय के प्रधान सहायक मो. गुलाम रसूल को आठ हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.
कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद एसीबी की टीम आरोपी को अपने साथ धनबाद ले गई है.
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई शिकायतकर्ता प्रेमजीत सिंह की शिकायत पर की गई है. स्कूल में शौचालय निर्माण योजना से जुड़े कार्य के बदले में प्रधान सहायक के द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी. शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने के बजाय इसकी शिकायत धनबाद स्थित एसीबी कार्यालय में कर दी.
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का सत्यापन कराया. शिकायत सही पाए जाने के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए एक विशेष जाल बिछाया गया. गुरुवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने प्रखंड कार्यालय में मो. गुलाम रसूल को केमिकल लगे हुए आठ हजार रुपये थमाए, एसीबी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया.
गोला में भी चर्चित रहे
जानकारी के अनुसार, गुलाम रसूल पहले रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड में नाजिर सह उर्दू अनुवादक के पद पर तैनात थे.
तब गोला में बहुचर्चित मनरेगा की योजनाओं में तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी किस्टो कुमार बेसरा के साथ मिलीभगत कर करीब 74.62 लाख रुपये की सरकारी राशि की अवैध निकासी कराने का आरोप लगा था.
इस मामले के उजागर होने के बाद कार्रवाई करते हुए उन्हें बोकारो जिले में स्थानांतरित कर दिया गया.
वर्ष 2015 से 2026 तक वे लगातार पेटरवार प्रखंड में प्रधान सहायक का कार्यभार संभाल रहे थे.
