रांची: झारखंड में हुए शराब घोटाले मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूर्व मंत्री और अभी लोहरदगा से कांग्रेस के विधायक रामेश्वर उरांव और उनके बेटे रोहित उरांव को एक बार फिर समन जारी किया है. ईडी ने दोनों को 6 जुलाई को रांची स्थित अपने जोनल कार्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया है।.
जानकारी के अनुसार, शराब घोटाले से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इससे पहले भी दोनों को समन भेजा गया था. समन के बाद दोनों पिता-पुत्र ने जांच एजेंसी से जवाब देने के लिए तीन हफ्ते का समय मांगा था.
इस बीच ईडी ने दोबारा समन जारी किया है. जांच एजेंसी इस मामले में वित्तीय लेन-देन, दस्तावेजों तथा अन्य संबंधित पहलुओं की गहन जांच कर रही है.
ईडी की जांच झारखंड के कथित शराब घोटाले से जुड़े धनशोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) के आरोपों पर केंद्रित है.
ईडी को पूर्व में बरामद दस्तावेज की जांच में जानकारी मिली है कि रोहित उरांव ने पूर्व में शराब के कारोबर में कथित तौर पर बड़ा निवेश किया है.
आधिकारिक सूत्र बताते हैं कि इस कथित निवेश और पूर्व में गिरफ्तार शराब माफिया योगेंद्र तिवारी से संबंध आदि के बिंदु पर भी दोनों से पूछताछ की जा सकती है.
इस मामले में पूर्व में ईडी ने झारखंड के तत्कालीन वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के आवास सहित 36 ठिकानो पर छापेमारी की थी. इस छापेमारी में रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव के ठिकाने से 30 लाख रुपये नगदी की बरामदगी हुई थी.