जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर बिहार के बांकीपुर सीट से विधानसभा उपचुनाव लड़ेंगे.
यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के इस्तीफ़े से खाली हुई है.
रविवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने उनकी उम्मीदवारी की घोषणा की.
उन्होंने बताया कि कोर कमिटी की बैठक हुई थी, जिसमें ये फ़ैसला लिया गया.
बांकीपुर बिहार की सबसे चर्चित विधानसभा सीटों में शामिल है और अब यह हाई प्रोफ़ाइल मुकाबले में बदल गया है.
यहां तीस जुलाई को उपचुनाव है. नामांकन भरने की तारीख़ 13 जुलाई है, 16 जुलाई को नामांकन वापिस लेने की तारीख़ है और तीन अगस्त को मतगणना होगी.
बीजेपी ने अपने उम्मीदवार की घोषणा फिलहाल नहीं की है.
उम्मीदवारी घोषित होने के बाद इसी प्रेस कॉन्फ़्रेंस में प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा और कहा कि उन पर ‘बिहार की जनता का भरोसा नहीं’ है.
अपनी उम्मीदवार पर प्रशांत किशोर ने अपनी पार्टी के साथियों, सहयोगियों, नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया. इसके साथ ही लोगों से समर्थन की अपील की. उन्होंने कहा कि बांकीपुर का चुनाव पार्टी पूरी मजबूती से लड़ेगी.
उन्होंने कहा, “मैं उन्हें भरोसा दिलाता हूं कि पिछले चार वर्षों से जन सुराज ही मेरा जीवन रहा है. आने वाले दस वर्षों तक, जब तक बिहार में बदलाव का सपना पूरा नहीं हो जाता, मेरा कोई दूसरा उद्देश्य नहीं है.”
“मैं बांकीपुर उपचुनाव लड़ने की ज़िम्मेदारी को उसी लक्ष्य की तरफ एक कदम मानता हूं. नवंबर 2025 में हजारों और लाखों लोग जन सुराज के विचारों और प्रयासों से जुड़े थे.”
पिछले बिहार चुनाव पर उन्होंने कहा, “नतीजों के बाद कई लोगों को निराशा हुई और उनका उत्साह भी कम हुआ. उनमें से ज़्यादातर का मानना है कि अगर जन सुराज बांकीपुर उपचुनाव जीतती है, तो इससे न सिर्फ़ यह आंदोलन मजबूत होगा, बल्कि बिहार में बदलाव की सोच को भी नई ताक़त मिलेगी.”
“मैं विनम्रता के साथ यह ज़िम्मेदारी स्वीकार करता हूं.”
