रांचीः कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोहरदगा से विधायक रामेश्वर उरांव ईडी कार्यालय पहुंचे हैं. उनसे झारखंड शराब घोटाले से जुड़े मामले में पूछताछ की जाएगी.
रामेश्वर उरांव हेमंत सोरेन की सरकार में वित्त मंत्री रह चुके हैं.
ईडी ने शराब घोटाले की जांच के दौरान रामेश्वर और उनके बेटे रोहित उरांव को दूसरा समन जारी किया था.
सोमवार, छह जुलाई को रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव से ईडी की पूछताछ हो चुकी है. अब रामेश्वर उरांव से पूछताछ होगी.
मंगलवार को रामेश्वर उरांव निर्धारित समय पर रांची स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे.
रोहित उरांव से पूछताछ के दौरान ईडी के अधिकारियों ने रोहित से घोटाले और राशि बरामदगी को लेकर कई सवाल पूछे. साथ ही बैंक के लेन-देन से जुड़े कई सवाल किए हैं.
23 अगस्त 2023 को शराब घोटाले से जुड़े मामले में ईडी ने एक साथ 36 ठिकानों पर छापेमारी की थी. इनमें रोहित उरांव के आवास से 30 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे.
जानकारी के मुताबिक ईडी ने रोहित उरांव से जानने की कोशिश की है कि इतनी बड़ी राशि कहां से आई. वैध स्त्रोत और बैंक ट्रांजेक्शन के अलावा कारोबारी प्रेम प्रकाश के बारे में भी जानकारी हासिल की.
ईडी की जांच शराब घोटाले से जुड़े धनशोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) के आरोपों पर केंद्रित है.
ईडी को पूर्व में बरामद दस्तावेज की जांच में जानकारी मिली है कि रोहित उरांव ने पूर्व में शराब के कारोबर में कथित तौर पर बड़ा निवेश किया है.
रामेश्वर उरांव से भी इनसे जुड़े सवालों पर पूछताछ हो सकती है.
