पटनाः बिहार की प्रतिष्ठित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अभिषेक कुमार ‘बंटी’ को अपना उम्मीदवार बनाया है.
उनके नाम की घोषणा के साथ ही राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि आखिर अभिषेक कुमार हैं कौन और पार्टी ने उन्हें इतनी अहम सीट से मैदान में क्यों उतारा.
बांकीपुर को बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता है, इसलिए इस सीट पर उम्मीदवार का चयन भी काफी अहम माना जा रहा है.
वर्तमान में अभिषेक कुमार भारतीय जनता युवा मोर्चा के बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष हैं. इससे पहले वे पटना महानगर भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं. युवा कार्यकर्ताओं को जोड़ने, सदस्यता अभियान चलाने और संगठन को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही है.
गौरतलब है कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के इस्तीफे से यह सीट खाली हुई है. यहां तीस जुलाई को उपचुनाव है.
जन सुराज ने अपने संस्थापक प्रशांत किशोर को यहां मैदान में उतारा है.
दूसरी ओर, राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने इस सीट से रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है.
वहीं तेजप्रताप की पार्टी जनशक्ति जनता दल ने वीना मानवी को अपना उम्मीदवार बनाया है.
अभिषेक को उम्मीदवार बनाये जाने के बाद नितिन नबीन ने एक्स पर एक पोस्ट किया है, जिसमें अभिषेक को बांकीपुर का लाल बताया है.
कायस्थ समाज से अभिषेक कुमार
अभिषेक कुमार ‘बंटी’ कायस्थ समाज से आते हैं. वे लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के संगठन से जुड़े रहे हैं. पार्टी के भीतर उनकी पहचान एक जमीनी, सक्रिय और संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ता की रही है. यही वजह है कि बीजेपी ने इस हाई-प्रोफाइल उपचुनाव में उन पर भरोसा जताया है.
नितिन के करीबी माने जाते हैं
अभिषेक कुमार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का करीबी माना जाता है. उन्होंने लंबे समय तक नितिन के साथ विभिन्न संगठनात्मक और राजनीतिक कार्यक्रमों में जिम्मेदारियां निभाई हैं. पार्टी के कई अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है. संगठन के भीतर उनकी कार्यशैली और सक्रियता ने उन्हें अलग पहचान दिलाई है.
26 साल का संगठनात्मक अनुभव
अभिषेक कुमार पिछले करीब 26 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा से जुड़े हुए हैं. इस दौरान उन्होंने संगठन के लगभग हर स्तर पर काम किया है. बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक की जिम्मेदारियां निभाने के कारण उन्हें संगठन की मजबूत समझ रखने वाला नेता माना जाता है.
अभिषेक कुमार ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत संगठन के निचले स्तर से की. उन्होंने पाटलिपुत्र मंडल और कृष्णा मंडल में काम करते हुए कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ बनाई. इसके बाद पटना महानगर युवा मोर्चा और बिहार प्रदेश युवा मोर्चा में भी अहम जिम्मेदारियां संभालीं.
