रामगढ़ः झारखंड के रामगढ़ जिले के भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के दत्तो में पुलिस ने छापामारी कर अवैध हथियार बनाने का पर्दाफाश किया है. साथ ही अवैध हथियार बनाने के जुर्म में पति-पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.
मौके से पुलिस ने तीन अर्धनिर्मित पिस्टल, 9 मैगजीन, हथियार बनाने की मशीन, लोहे के पार्ट्स व अन्य सामान बरामद किया है.
यह धंधा लोहार की दुकान में चल रहा था. पुलिस ने मामले में दिनेश विश्वकर्मा, उसकी पत्नी नूतन देवी, दिनेश का बड़ा भाई अनिल विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है. तीनों से पूछताछ चल रही है.
यह परिवार मूल रूप से नवादा बिहार का रहने वाला है. दत्तो में वर्षों से रहकर लोहार का काम करता है.
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है. पुलिस को पता चला कि ये लोग अवैध हथियार बनाकर उसे कोयला क्षेत्र व आसपास के इलाके में बेचते थे.
