रांचीः : झारखंड की राजधानी रांची के रिहायशी इलाके अशोक नगर में बंद बिल्डर अखिलेश पांडेय के घर से लाखों रुपये के सोने-हीरे के गहने की चोरी के मामले में पुलिस की तफ्तीश जारी है.
प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि चोरी की घटना को अंजाम देने वाले लग्जरी गाड़ी जगुआर से रांची पहुंचे थे. इसके बाद बिरसा चौक स्थित होटल पार्क स्ट्रीट में फर्जी आधार कार्ड जमा कर ठहरे थे.
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की भी जांच कर रही है. रांची पहुंचने के बाद उन्होंने अखिलेश पांडेय के घर की रेकी भी की. चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद सुबह 5.20 बजे वे होटल छोड़कर जाते हुए दिख रहे हैं.
इस मामले में अखिलेश पांडेय के बेटे आशुतोष पांडेय ने स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने बताया है कि चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और सोने-हीरे के आभूषणों के साथ करीब 8 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए.
परिवार के साथ गए थे बाहर
थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता आशुतोष पांडेय अशोक नगर रोड नंबर-4बी स्थित अपने आवास में परिवार के साथ रहते हैं. उन्होंने बताया कि 7 जुलाई 2026 को पूरा परिवार निजी काम से घर बंद कर बाहर गया था. घर के सभी दरवाजों पर ताला लगाकर वे रवाना हुए थे. करीब दो दिन बाद 9 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे जब वे वापस घर पहुंचे, तो मेन गेट और घर के ताले टूटे हुए मिले. घर के भीतर प्रवेश करने पर सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के लॉकर खुले हुए थे.
अलमारी तोड़कर जेवर और नकदी की चोरी
चोरों ने घर की अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे कीमती जेवरात और नकदी अपने साथ ले गए. जेवरात की कीमत कम से कम 90 लाख हो सकती है.
चोरी हुए सामानों में लगभग छह सौ ग्राम सोने के जेवरात जिसमें गले का हार, कान की बाली, झुमका, कंगन, मंगलसूत्र, हीरे का पूरा सेट, गोल्ड और रूबी का पूरा सेट, चांदी एवं सोने के विविध उपहार शामिल हैं
एफआईआर में यह भी उल्लेख किया गया है कि चोर लगभग 8 लाख रुपये नकद भी अपने साथ ले गए. चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई गई है.
