राँची:-स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफ़ान अंसारी ने कहा है कि झारखंड के मरीजों का पूरा भार एक ही रिम्स पर है. केंद्रीय स्वाथ्य मंत्री से रांची में एम्स की स्थापना पर बात हुई है. साथ ही रिम्स-2 भी जल्द अस्तित्व में आएगा. राज्य के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज की स्थापना करने का प्रयास किया जा रहा है.
इरफान अंसारी शनिवार को होटल बीएनआर चाणक्या,रांची में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे.
उन्होंने कहा कि साहिया बहनों से जुड़ी समस्याओं के बारे में भी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को अवगत कराया गया है. साहिया बहनों के लिए 400 छोटे एम्बुलेंस के माँग की गई है.
स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर अंतरा पोस्टर ,इम्प्लांट और पीपीएफ पोस्टर का अनावरण किया. साथ ही जनसंख्या नियंत्रण कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों , सहियाओं, एएनएम, एवं अन्य पदाधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया.
जनसंख्या नियंत्रण के कई कार्यक्रम
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनसंख्या नियंत्रण पर कई कार्यक्रम चला रही है. इस दिशा में स्वास्थ्य विभाग में बेहतर काम करने वाले डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित भी किया गया है. उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या सरकार के लिए चुनौती है और हम इस चुनौती को पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं. कार्यक्रम को अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अजय कुमार सिंह,
अभियान निदेशक राष्ट्रीय स्वस्थ मिशन, शशि प्रकाश झा समेत कई अधिकारियों और डॉकटरों ने भी संबोधित किए.
