रांचीः ईडी के विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार की अदालत में बड़गाईं अंचल की 8.86 एकड़ जमीन घोटाला मामले में गुरुवार को सीएम हेमंत सोरेन, बिनोद कुमार सिंह और राज कुमार पाहन को छोड़कर शेष 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप गठित कर दिया है.
हेमंत सोरेन समेत तीन ने समय की मांग की थी, इसलिए उनके खिलाफ आरोप गठन फिलहाल टाल दिया गया.
मामले की अगली सुनवाई 11 अगस्त को होगी. यह मामला प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से 26 फरवरी 2023 को दर्ज ईसीआइआर से जुड़ा है.
ईडी ने जांच की शुरुआत सदर थाना और पूर्व में मिली सूचनाओं के आधार पर की थी. करीब तीन वर्ष की जांच और पूरक अभियोजन शिकायतों के बाद अब आरोप तय किया गया है।
ईडी का आरोप है कि आरोपियों ने संगठित तरीके से बरियातू-बड़गाईं क्षेत्र की गैर-हस्तांतरणीय भुईंहरी जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री की और अपराध से अर्जित धन को वैध दिखाने का प्रयास किया.
जांच के दौरान जब्त डायरियों में करोड़ों रुपये के नकद लेनदेन का उल्लेख मिला. काल डिटेल रिकार्ड, बैंक खातों और अन्य दस्तावेजों से भी सह-आरोपितों के बीच संपर्क तथा वित्तीय लेनदेन की पुष्टि होने का दावा ईडी ने किया है.
इसी मामले में हेमंत सोरेन को ईडी ने गिरफ्तार किया था. झारखंड हाईकोर्ट से बाद में उन्हें जमानत की सुविधा प्रदान की गई.
