झारखंड सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (नगर विमानन) द्वारा राज्य में पर्यटन और धार्मिक यात्रा को सुगम व आकर्षक बनाने के लिए एक अहम बड़ा कदम उठाया गया है.
झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट (JFI) के सौजन्य से शुरू की जा रही इस हेलीकॉप्टर सेवा का मुख्य उद्देश्य देवघर और बासुकीनाथ आने वाले श्रद्धालुओं को आकाशीय दर्शन (एरियल व्यू) ) का अद्भुत अनुभव प्रदान करना है.
देवघर के डीसी सौरभ भुवानिया ने एक्स पर बताया है, इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुलभ, सुरक्षित और तीव्र हवाई दर्शन के माध्यम से सुखद और मनमोहक यात्रा प्रदान करना है.
हेलीकॉप्टर सेवा के लिए दुमका जिले के बासुकीनाथ हेलीपैड को बेस हेलीपैड बनाया गया है. यहीं से हेलीकॉप्टर का संचालन किया जाएगा. सेवा को सुरक्षित और सुचारू तरीके से चलाने के लिए हेलीपैड पर जरूरी तैयारियां की जा रही हैं. श्रावणी मेला के दौरान बासुकीनाथ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन भी अपनी तैयारियों में जुटा है. यह सेवा विशेष रूप से सावन और अन्य धार्मिक अवसरों पर आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए समय की बचत के साथ-साथ सुगम और सुविधाजनक हवाई यात्रा का अनुभव प्रदान करेगी.
निर्धारित किराये
सरकार द्वारा आमजनों के लिए विभिन्न पर्यटन व धार्मिक स्थलों के आकाशीय परिदर्शन हेतु पारदर्शी दरें निर्धारित की गई हैं:
- देवघर आकाशीय परिदर्शन: समय सीमा 07 से 10 मिनट — ₹2,850.00
- बासुकीनाथ आकाशीय परिदर्शन: समय सीमा 07 से 10 मिनट — ₹2,850.00
- देवघर से त्रिकूट परिदर्शन: समय सीमा 10 से 15 मिनट — ₹3,750.00
- देवघर से बासुकीनाथ (एकतरफा यात्रा): उड़ान समय 15 मिनट — ₹4,500.00
हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ उठाने और अग्रिम बुकिंग के लिए नागरिक निम्नलिखित माध्यमों से संपर्क कर सकते हैं:
- हेल्पलाइन नंबर: 9122583111
- आधिकारिक वेबसाइट: www.jharkhandaviation.in
