पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्ट फोर्स ने (एसटीएफ) ने झारखंड के साहिबगंज जिले से अर्पिता सरकार नाम की एक महिला को गिरफ्तार किया है.
इसे जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकी हामिद मंडल उर्फ हमीम से इसके संबंध बताये जा रहे हैं. शुक्रवार को एसटीएफ ने बंगाल के बर्दवान जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित रेनेसा उपनगर से हामिद मंडल उर्फ हमीम को गिरफ्तार किया था.
इस कार्रवाई के बाद बंगाल की एसटीएफ ने शनिवार को साहिबगंज के बरहरवा इलाके में अर्पिता सरकार को पकड़ा है. एसटीएफ की टीम अर्पिता को अपने साथ लेकर बंगाल गई है.
अर्पिता के पिता की स्टेशनरी की छोटी दुकान है. मां आंगनबाड़ी कर्मी थी जिसकी मृत्यु हो चुकी है. वह बीएसके कालेज बरहड़वा में सत्र 2022-26 में अंग्रेजी आनर्स की छात्रा है.
बताया जाता है कि इंटरनेट मीडिया के माध्यम से वह करीब चार साल पहले मोहम्मद हामिद के संपर्क में आयी. इसमें किसी को फंसाना, मोबाइल नंबर एकत्र करना, घर या व्यक्ति की तस्वीर एकत्र करना, रेकी करना आदि काम शामिल था.
उधर हामिद मंडल की गिरफ्तारी के बाद बंगाल की पुलिस को उसके मोबाइल फोन की जांच में जैश-ए-मोहम्मद के कथित शहजाद भट्टी मॉड्यूल से जुड़े डिजिटल इनपुट्स मिले हैं. हमीद के ठिकाने पर तलाशी के दौरान मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं.
मैसेजिंग ऐप के जरिये संपर्क में थे अर्पिता-हमीम
जानकारी के मुताबिक प्रारंभिक जांच में अर्पिता सरकार के कुछ कथित आतंकी नेटवर्क से जुड़े लोगों के संपर्क में होने के संकेत मिले हैं.
इसके अलावा हमीम मंडल और अर्पिता सरकार विशेष मैसेजिंग ऐप के जरिये लगातार संपर्क में रहते थे. दोनों के डिजिटल चैट और सोशल मीडिया गतिविधियों की फॉरेंसिक जांच करायी जा रही है.
जांच एजेंसी इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है कि क्या दोनों हाई-प्रोफाइल व्यक्तियों की गतिविधियों की सूचना विदेश भेजते थे.
