रामगढ़ः झारखंड के रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में रविवार को तेज बारिश के दौरान हुई वज्रपात की दो घटनाओं ने तीन महिलाओं की जान ले ली, जबकि दो अन्य महिलाएं घायल हो गईं.
सभी महिलाएं खेत में काम कर रही थीं. तभी बारिश शुरू हुई. इस दौरान अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में वे आ गईं.
पहली घटना सांकुल गांव की है, जहां खेत में काम कर रही रेखा देवी और रोशनी कुमारी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं. स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.
उधर पलानी गांव में खेत में काम कर रहीं सुशांति देवी, सुनीता देवी, कंचन कुमारी भी वज्रपात की चपेट में आ गईं. 108 एम्बुलेंस के माध्यम से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां डॉक्टर ने सुशांति देवी को मृत घोषित कर दिया.
वहीं, प्राथमिक उपचार के बाद सुनीता देवी और कंचन कुमारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया. इन घटनाओं से गांव में शोक है, जबकि पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा है.
