रांचीः चाईबासा पुलिस ने दिल्ली पुलिस और एक एनजीओ के साथ संयुक्त कार्रवाई के तहत झारखंड की वाटेंड मान तस्कर को दिल्ली से गिरफ्तार किया है.
इस अभियान के दौरान मानव तस्करी की शिकार खूंटी जिले की एक बच्ची को भी सुभाष प्लेस थाना क्षेत्र से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है.
गिरफ्तार मानव तस्कर के विरुद्ध चाईबासा में वर्ष 2023 से मानव तस्करी के अनेक मामलों में प्राथमिकी दर्ज है. साथ ही न्यायालय द्वारा गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया था.
चाईबासा पुलिस पूर्व में कई बार दिल्ली आकर आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास कर चुकी थी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी थी. झारखंड सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित एकीकृत पुनर्वास सह संसाधन केंद्र, झारखंड भवन, नई दिल्ली के समन्वय में की गई कार्रवाई में वह पकड़ी गई है.
रिमांड पर मानव तस्कर
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से चाईबासा पुलिस को चार दिनों की रिमांड मिली है.
इस अभियान के तहत एक अन्य मानव तस्कर तो भी गिरफ्तार किया है, जिसके घर से खूंटी जिले की एक बच्ची को बरामद किया गया. बच्ची का मेडिकल चेक्प कराने के बाद उसे सुरक्षित गृह में रखा गया है।. निर्धारित प्रक्रिया के तहत बालिका को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि उसके सुरक्षित पुनर्वास की आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह ने बताया है कि पुनर्वास के उपरांत पीड़ित बच्चों को झारखंड सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा तथा उनकी सतत निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे वे दोबारा मानव तस्करी के जाल में न फंसें.
