रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ रांची में छात्रों का आंदोलन जारी है. इस बीच छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने रविवार से भूख हड़ताल शुरू कर दी है.
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर फैसला नहीं लेती, तब तक वे हड़ताल जारी रखेंगे. उनकी मांग है कि जेपीएससी 14वीं सिविल सेवा परीक्षा की सीबीआइ जांच कराई जाए और पीटी परीक्षा का परिणाम रद्द हो.
उन्होंने आरोप लगाया कि जेपीएससी की अनियमितताओं और परीक्षा में गड़बड़ी से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है. सरकार छात्रों को सिर्फ आश्वासन देकर ठगने और छलने का काम कर रही है.
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि पिछले नौ दिनों से अभ्यर्थी आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार का कोई प्रतिनिधि उनसे बात करने नहीं पहुंचा है. उन्होंने कहा कि इससे सरकार की गंभीरता पर सवाल उठते हैं.
उन्होंने बताया कि वे अपनी मांगों को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंप चुके हैं. उनकी मांगें अब भी वही हैं और जब तक सरकार उन पर कार्रवाई नहीं करती, तब तक उनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी.
