कोडरमाः झारखंड के कोडरमा जिले में सतगावां थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में पुलिस ने छापेमारी कर 21 साल के अरसद महफूज और शाहीन परवीन उर्फ मुस्कान को गिरफ्तार किया है.
आंतकवादी निरोधी दस्ता (एटीएस) की गुप्त सूचना पर स्थानीय पुलिस ने यह कार्रवाई की है.
दोनों पर आरोप है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, इंस्टाग्राम का उपयोग कर नौजवानों को देश विरोधी विचारों के जरिए भड़काने और उनका ब्रेनवाश करने का काम कर रहे थे.
अरसद की कथित गर्लफ्रेंड
कोडरमा पुलिस के अनुसार अरसद ने पूछताछ के दौरान में यह भी बताया कि उसके गांव की एक लडकी शाहीन प्रवीण उर्फ मुस्कान उसकी महिला मित्र है और उसकी हरेक गतिविधि की सहयोगी है. उसके द्वारा भी ऐसे कार्य किए जा रहे हैं. शाहिन के पास से बरामद मोबाइल व वीडियो कैमरा में भी कई आपत्तिजनक सामग्री पाया गया.
आतंकवादी निरोधी दस्ता की सूचना पर
कोडरमा के पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष के द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, आतंकवाद निरोधी दस्ता, झारखंड, रांची से मिली सूचना के आधार पर तिलैया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनय कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया.
गठित टीम ने सतगावां थाना क्षेत्र के माधोपूर में संदिग्ध अरसद महफुज के घर की घेराबंदी कर छापामारी कर उसे पकड़ा.
जांच के दौरान अरसद महफूज के कमरे से मोबाइल, टैब, देशी पिस्टल, बुलेटप्रुफ जैकेट, ट्राईपोड आदि बरामद किया गया़ इसके मोबाइल और टैब में कई आपत्तिजनक इंस्टाग्राम आईडी संचालित पाया गया़ पुलिस के अनुसार उक्त अकाउंट्स पर भड़काऊ ऑडियो एवं विडियो क्लिप्स का इस्तेमाल करके जिहाद के समर्थन में कई आपत्तिजनक पोस्ट मिले हैं.
कोडरमा पुलिस ने यह भी में बताया गया है कि इन दोनों के मोबाइल से पास के जंगलों में सैन्य आधारित ट्रेनिंग लेने के वीडियो और फोटो भी मिले हैं, जिससे यह स्पष्ट हो रहा है, कि ये लोग किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में थे.
