अभिनेता और गायक पीयूष मिश्रा शनिवार को रांची में प्रदर्शनकारी छात्रों से मिले. उन्हें देख छात्रों की हिम्मत बढ़ी. उन्होंने पीयुष मिश्रा का आभार प्रकट किया. अनशन पर बैठे और धरना प्रदर्शन कर रहे छात्रों से पीयुष मिश्रा ने बातें की. उनकी भावना और मांगों को जाना.
उन्होंने आंदोलन कर रहे विद्यार्थयों का समर्थन किया और उनकी मांगों के प्रति एकजुटता जताई.
मंच पर छात्रों का हौसला बढ़ाने को उन्होंने अपना चर्चित गीत “आरंभ है प्रचंड” भी गाया.
पत्रकारों से बातचीत में पीयूष मिश्रा ने कहा, “मैंने इनमें से कुछ स्टूडेंट्स के इंटरव्यू देखे और उनकी आंखों में दर्द देखा. मैंने उनकी मुश्किलें और उनके आंसू देखे. मेरे यहां आने के लिए बस इतना ही प्रेरणादयक था.”
उन्होंने कहा, “मैं युवाओं से बहुत प्यार करता हूं और उनके साथ खड़े होने आया हूं.”
पीयूष मिश्रा ने बताया कि वह पिछले तीन-चार दिनों से अपनी क्षमता के हिसाब से स्टूडेंट्स की मदद करने की कोशिश कर रहे हैं और आंदोलन में साथ खड़े हैं.
उन्होंने कहा कि आर्थिक मदद के साथ-साथ उनके लिए खाना, चटाई और तिरपाल जैसी ज़रूरी चीजें भी उपलब्ध कराई जा रही हैं.
