उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन टनल में हुए भू- स्लखन और धंसा के बाद हुए हादसे में झारखंड के एक मजदूरों की जान गई है. अन्य एक मजदूर अब तक मलबे में फंसा है. जबकि पांच घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
इस हादसे में अलग- अलग राज्यों के सात मजदूरों के मरने की खबर है.
हादसे के बाद सुरंग में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
झारखंड से जिस मजदूर की मौत हुई है, उनकी पहचान 28 वर्षीय विजय कुमार है. वे पूर्वी सिंहभूम जिले के डूगरिया प्रखंड अंतर्गत ग्राम पलसबनी निवासी हैं.
वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली के पीपलकोटी में निर्माणाधीन सुरंग का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया.
इस दौरान सीएम धामी ने कहा, “यहां एनडीआरएफ़, एसडीआरएफ़, आईटीबीपी, राज्य आपदा प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन समेत सभी एजेंसियां रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं. राज्य मंत्री भारत सिंह चौधरी भी कल से मौके पर मौजूद हैं.”
सीएम धामी पीपलकोटी, चमोली में प्रभावित टनल क्षेत्र के स्थलीय निरीक्षण के उपरांत जिला अस्पताल, गोपेश्वर पहुंचकर रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से भेंट की और उनका कुशलक्षेम जाना.
इस दौरान उनके स्वास्थ्य एवं उपचार के संबंध में चिकित्सकों से भी जानकारी ली. उन्होंने चिकित्सकों व संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायल श्रमिकों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उनके उपचार में किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे. आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने, हेली एंबुलेंस अथवा अन्य आवश्यक चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए.
झारखंड सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए
इधर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स पर कहा है, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से फोन पर बात हुई. उन्होंने आश्वस्त किया है कि सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं. बार-बार निर्माणाधीन सुरंगों में हादसों और श्रमिकों के फंसे होने की खबरें मन को व्यथित करती हैं. विकास जरूरी है, लेकिन प्रकृति के सम्मान और पर्यावरणीय संतुलन के साथ. प्रकृति के अंधाधुंध दोहन के गंभीर परिणाम हमें बार-बार चेताते हैं.
उन्होंने आगे कहा, झारखंड के जिन लोगों के परिजन अथवा परिचित इस परियोजना में काम करने गए हैं, उनसे अपील है कि राज्य सरकार के कंट्रोल रूम नंबर 1.हेल्पलाइन नंबर (टोल फ्री): 1800-3456-526 2.हेल्पलाइन व्हाट्सएप नंबर: 9470132591, 9431336472, 9431336427 पर संपर्क कर कृपया जानकारी साझा करें। सरकार हर श्रमिक की सुरक्षित वापसी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
