रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ और इन दोनों आयोग में भर्तियों में सुधार को लेकर रांची में हुए छात्र आंदोलन के दौरान एक्स पर सुर्खियों में JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के अकाउंट पर अब रांची साइबर क्राइम पुलिस की जांच शुरू हो गई है.
यह अकाउंट अब भी सक्रिय है और इस हैंडल पर किए गए पोस्ट, सूचना पर छात्र, अभ्यर्थी, मीडिया तथा पुलिस, प्रशासन की नजर बनी रहती है.
साइबर क्राइम पुलिस यह जानने की कोशिशों में जुटी है कि इस अकाउंट का हैंडलर कौन है. इसके साथ ही जांच एजेंसी ने इस अकाउंट से कई पोस्ट को झूठा, भ्रामक, आपत्तिजनक और भड़काने वाला तथा कानून के खिलाफ मानते हुए जांच में जुटी है.

पुलिस के अनुसार, एक्स पर इस हैंडल से झारखंड सरकार की कार्रवाई, पुलिस और आंदोलन से संबंधित कुछ ऐसे पोस्ट, वीडियो और तस्वीरें साझा की गई, जिन्हें पुलिस ने प्रथम दृष्टया झूठा, भ्रामक या आपत्तिजनक माना है.
अकाउंट के पीछे कौन व्यक्ति है, यह पता लगाने के लिए साइबर क्राइम पुलिस ने X कॉरपोरेशन को कानूनी नोटिस भेजकर जरूरी तकनीकी जानकारी मांगी है.
पुलिस ने 10 अगस्त 2026 और उससे पहले की अवधि से संबंधित गतिविधियों का रिकॉर्ड भी उपलब्ध कराने को कहा है. यह नोटिस बीएनएसएस की धारा 94 के तहत जारी किया है. जांच एजेंसी का फोकस फिलहाल अकाउंट संचालक की पहचान और उससे जुड़ी डिजिटल गतिविधियों का पता लगाने पर है.
हालांकि, मंच ने पुलिस के इस नोटिस को भी एक्स पर अपन् प्रतिक्रिया के साथ साझा किया है. इस पोस्ट पर भी छात्रों की अलग-अलग प्रतिक्रिया देखने को मिल रही हैं. अगस्त में शुरू इस हैंडल पर लगभग सात हजार फॉलोअर्स हैं.
