भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि एमएमडीआर संशोधन अधिनियम पर कांग्रेस का विरोध बेतुका और बेबुनियाद है. यह केवल देश को गुमराह करने एवं असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की साजिश है.
इसके साथ ही बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने झारखंड को एटीएम बनाकर रखा है. आवश्यकता अनुसार इस एटीएम का उपयोग कांग्रेस करके राज्य को लूट रही है. कांग्रेस इस अधिनियम का विरोध सिर्फ इसलिए कर रही है क्योंकि कोयले से आने वाली उनकी काली कमाई बंद होने वाली है.
साहू पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, लोकलाज से चलता है लेकिन कांग्रेस पार्टी लोकलाज को पूरी तरह धोकर पी गई है. MMDR संशोधन अधिनियम का पूरे देश में कहीं कोई विरोध नहीं हो रहा है. कांग्रेस शासित प्रदेशों में भी इसका कहीं कोई विरोध नहीं है। लेकिन झारखंड में इस अधिनियम के नाम पर कांग्रेस केवल गुमराह करने का काम कर रही है. छात्रों का इतना बड़ा आंदोलन हो रहा है, फर्जी मुकदमे किए जा रहे हैं, पुलिस द्वारा छात्रों को डराने-धमकाने का काम किया जा रहा है। कांग्रेस इस मामले को भटकाना चाहती है.
