रांचीः झारखंड में चतरा से एलजेपी (आर) के विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरव के कथित अपहरण के मामले में पुलिस की तफ्तीश तेज हुई है. पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के बाहर छात्रों के दो गुटों के बीच झगड़ा हुआ था. इस दौरान एक गुट के लड़कों ने सौरव के साथ मारपीट की. एक गाड़ी में उसे बिठा लिया गया. और कुछ देर घुमाने के बाद विधानसभा के पास छोड़ दिया.
गौरतलब है कि सौरव एमिटी यूनिवर्सिटी रांची के छात्र हैं. सोमवार को उनके पिता ने रांची पुलिस को जानकारी दी थी कि बेटे का कुछ लोगों ने विवि के गेट के पास से अपहरण कर लिया है. इसके बाद बीजेपी के कई नेता सोशल मीडिया पर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करने लगे थे. हालांकि रांची पुलिस ने इस सूचना पर तत्काल शहर के मुख्य मार्गों पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान शुरू किया. शहर को सील किया गया. तत्काल पुलिस ने विधायक पुत्र को बरामद कर लिया.
इस बीच रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “अब तक जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक चतरा के विधायक ने पुलिस को फोन करके बताया था कि उनके बेटे का अपहरण हो गया है. हालांकि, पुलिस के मौके पर जाकर जांच करने पर पता चला कि एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के बाहर छात्रों के दो गुटों के बीच झगड़ा हुआ था.”
सौरव नाम का छात्र अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था. दोस्तों में से एक ने यूनिवर्सिटी के ही एक दूसरे छात्र को बुलाया, जिसके बाद शराब के नशे में उनके बीच बहस और गाली-गलौज हुई. इसके बाद, दूसरी तरफ से कुछ लोग आए और फिर से बहस हुई, जिसके बाद मारपीट शुरू हो गई. लड़ाई के दौरान एक गाड़ी की खिड़की तोड़ने की कोशिश की गई. फिर सौरव के साथ मारपीट की गई. उसे गाड़ी में बिठाकर आस-पास के इलाके में घुमाया गया और मारपीट करने के बाद असेंबली के पास छोड़ दिया गया.
पुलिस अधिकारी के मुताबिक दूसरे ग्रुप के लड़कों की पहचान कर ली गई है. पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और ज़रूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है. दोनों पक्षों के लोगों का ब्रेथलाइज़र टेस्ट किया जा रहा है और उनके अल्कोहल लेवल की जांच हो रही है. कुछ लोग भाग गए हैं, जबकि कुछ को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. हालांकि, शुरुआती तौर पर यह मामला मुख्य रूप से मारपीट और मारपीट के बाद बने हालात का लग रहा है.
