रांचीः झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की संयुक्त स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा (जेएसएसी-सीजीएल 2023) से जुड़े मामले में अपराध अनुसंधान विभाग ने एक और आरोपी राजन को गिरफ्तार किया है. वह बिहार के पटना जिले के नेवरा थाना क्षेत्र के श्री चंद्रपुर गांव का रहने वाला है.
जांच एजेंसी ने जेएसएसी-सीजीएल प्रतियोगिता परीक्षा के संबंध में दर्ज कांड संख्या 01/2025 में यह कार्रवाई की है.
जांच में ये पता चला है कि राजन कुमार JSSC-CGL परीक्षा में शामिल होने वाले कई अभ्यर्थियों को पश्चिम बंगाल के नियमतपुर स्थित एक होटल में लेकर गया था. वहां उसने अभ्यर्थियों को परीक्षा के प्रश्न और उनके उत्तर रटवाए थे. सिंडिकेट के जरिए कई अभ्यर्थियों को परीक्षा में अनुचित लाभ पहुंचाया गया, जिससे कई अभ्यर्थी परीक्षा में सफल भी हो गए.
सीआईडी की एसआईटी सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है. साथ ही आरोपियों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है.
छह सितंबर को जांच एजेंसी ने पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र निवासी कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया था. कुंदन भी परीक्षा में गड़बड़ी का अहम चेहरा है.
आरोप है कि कुंदन ने परीक्षा एजेंसी से मिलकर खुद और कम से कम 20 अभ्यर्थियों को जेएसएससी की परीक्षाओं में सफल कराया है.
संकेत मिले हैं कि इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां जल्दी हो सकती हैं.
