रांचीः झारखंड में चतरा से एलजेपी (आर) के विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ के कथित अपहरण के मामले में पुलिस की तफ्तीश तेज हुई है. पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के बाहर छात्रों के दो गुटों के बीच झगड़ा हुआ था. इस दौरान एक गुट के लड़कों ने सौरभ के साथ मारपीट की. एक गाड़ी में उसे बिठा लिया गया. और कुछ देर घुमाने के बाद विधानसभा के पास छोड़ दिया.
मारपीट की इस घटना में विधायक पुत्र को काफी चोट पहुंची है. उनका चेहरा सूज गया है. इससे पहले विधायक पुत्र को थार से खींचकर बाहर निकाला और मारपीट के बाद एक स्कॉर्पियो में जबरन उठाकर ले गए. रास्ते में भी उसके साथ मारपीट की गई. मारपीट में उनके शरीर के अन्य हिस्से में भी चोटें आई हैं. आंख के आसपास भी चोट लगी है. शरीर पर डंडे और बेल्ट के निशान पाए गए हैं.
गौरतलब है कि सौरभ एमिटी यूनिवर्सिटी रांची के लॉ के छात्र हैं. सोमवार को उनके पिता जनार्दन पासवान ने रांची पुलिस को जानकारी दी थी कि बेटे का कुछ लोगों ने विवि के गेट के पास से अपहरण कर लिया है. इससे पहले सौरभ ने पिता को घटना की जानकारी दी थी.
घटना की सूचना मिलते ही रांची पुलिस ने तत्काल शहर के मुख्य मार्गों पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान शुरू किया. शहर को सील किया गया. तत्काल पुलिस ने विधायक पुत्र को बरामद कर लिया.
मारपीट की यह घटना विश्वविद्यालय के गेट पर लगे सीसीटीवी में कैद हुई है. पुलिस उसे खंगाल रही है. घटना के बाद मौके पर पहुंचे विधायक जनार्दन पासवान ने कहा है कि उनके पुत्र के साथ बेरहमी से मारपीट की गई है. उनके पुत्र ने पुलिस को कई आरोपियों के नाम बताए हैं.
इन सबके बीच मोडिकल जांच और ब्रिदिंग एनालाइजर टेस्ट में 173 एमजी (100 एमएल) शराब के सेवन की पुष्टि हुई है.
सिटी एसपी ने बताया दो गुटों का झगड़ा
इस बीच रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “अब तक जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक चतरा के विधायक ने पुलिस को फोन करके बताया था कि उनके बेटे का अपहरण हो गया है. हालांकि, पुलिस के मौके पर जाकर जांच करने पर पता चला कि एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के बाहर छात्रों के दो गुटों के बीच झगड़ा हुआ था.”
सौरभ नाम का छात्र अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था. दोस्तों में से एक ने यूनिवर्सिटी के ही एक दूसरे छात्र को बुलाया, जिसके बाद शराब के नशे में उनके बीच बहस और गाली-गलौज हुई. इसके बाद, दूसरी तरफ से कुछ लोग आए और फिर से बहस हुई, जिसके बाद मारपीट शुरू हो गई. लड़ाई के दौरान एक गाड़ी की खिड़की तोड़ने की कोशिश की गई. फिर सौरव के साथ मारपीट की गई. उसे गाड़ी में बिठाकर आस-पास के इलाके में घुमाया गया और मारपीट करने के बाद असेंबली के पास छोड़ दिया गया.
पुलिस अधिकारी के मुताबिक दूसरे ग्रुप के लड़कों की पहचान कर ली गई है. पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और ज़रूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है. दोनों पक्षों के लोगों का ब्रेथलाइज़र टेस्ट किया जा रहा है और उनके अल्कोहल लेवल की जांच हो रही है. कुछ लोग भाग गए हैं, जबकि कुछ को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. हालांकि, शुरुआती तौर पर यह मामला मुख्य रूप से मारपीट और मारपीट के बाद बने हालात का लग रहा है.
