गिरिडीहः झारखंड में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की धनबाद टीम ने गिरिडीह स्थित साइबर थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गौतम को 30 हजार रुपये घूस लेते हुए गिरफ्तार किया है.
एसीबी की टीम उन्हें अपने साथ लेकर धनबाद चली गई है. पूछताछ जारी है.
जानकारी के अनुसार सब इंस्पेक्टर ने एक मामले में केस डायरी कोर्ट भेजने के एवज में 2 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी. पहली किस्त के तौर पर एसआई 30 हजार ले रहे थे, तभी एसीबी की टीम ने उन्हें गिरफ्तार किया.
शिकायतकर्ता जीवलाल मंडल ने एसआई के खिलाफ जांच एजेंसी में शिकायत की थी. जीवलाल के छोटे बेटे को पूर्व में एक मामले में जेल भेजा गया था. उसी मामले की केस डायरी कोर्ट भेजने के नाम पर एसआई ने कथित तौर पर रिश्वत की मांग की थी.
