रांची: झारखंड के चतरा विधानसभा क्षेत्र से लोक जनशक्ति पार्टी (आर) के विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ कुमार के कथित अपहरण और मारपीट के मामले में पुलिस ने कोलकाता से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. ये सभी रांची निवासी हैं.
सौरभ कुमार ने इस मामले में आठ नमजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है.
गिरफ्तार आरोपियों में रौनक सिंह राजपूत, प्रकाश गुप्ता, आयुष कुमार, प्रीतम और ज्ञानदीप शामिल हैं.
एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के पास झगड़ा
घटना 7 सितंबर की है. पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, सौरभ कुमार रांची स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के पास अपने दोस्तों अमरदीप दुबे, अनमोल और रविशंकर के साथ खड़े थे. इसी दौरान सौरभ के दोस्त अमरदीप दुबे की अपने जूनियर छात्र लक्की राज से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई.
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद लक्की राज ने फोन कर कुछ बाहरी युवकों को मौके पर बुला लिया। कुछ देर बाद दो काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार करीब 10 से 12 युवक वहां पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी.
जबरन गाड़ी में बैठाने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने सौरभ कुमार के साथ डंडों से मारपीट की और उन्हें जबरन एक स्कॉर्पियो में बैठाकर वहां से ले गए. चलती गाड़ी में भी उनके साथ मारपीट की गई और उनका गला दबाने की कोशिश की गई. उन्होंने हमलावरों पर मोबाइल फोन और करीब 20 ग्राम वजन की सोने की चेन छीनने का भी आरोप लगाया है.
शराब की नशे में थे सौरभ
घटना वाले दिन सौरभ के पिता ने रांची पुलिस को अपने बेटे के कथित अपहरण की सूचना दी थी. सौरभ के अपहरण की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की.
पुलिस टीम ने एमिटी यूनिवर्सिटी और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले. पुलिस ने घटना के करीब दो घंटे के भीतर सौरभ कुमार को सकुशल बरामद कर लिया था.
इसके बाद सौरभ से पुलिस ने घटना की जानकारी ली और दूसरे पक्षों से बी पूछताछ की. जांच के दौरान सौरभ शराब के नशे में मिले. तब पुलिस ने कहा था कि दो गुटों में झगड़ा हुआ था.
