रांचीः जमशेदपुर पश्चिम से जदयू के विधायक सरयू राय ने सरकार को आगाह कराया है कि स्वास्थ्य विभाग फ्र महंगी दर पर दवा खरीदने की तैयारी में हैं. कैबिनेट की बैठक में इसे स्वीकृति देने के बजाय रोका जाए.
सरयू राय ने एक्स पर स्वास्थ्य विभाग के मंत्री इरफान अंसारी से कहा है, “आपका विभाग पुनः दवाईयों की खरीद मंहगी दर पर करने जा रहा है. निविदा से प्रतिस्पर्धी न्यूनतम दर पर दवाएँ ख़रीदने की जगह भारत सरकार की कतिपय दवा कंपनियों से उनके द्वारा निर्धारित ऊँची दर पर दवा ख़रीदने की संचिका कैबिनेट मीटिंग मे जा रही है. आप कृपया स्वास्थ्य विभाग में चल रहे ऊँची दर पर दवा ख़रीदने की इस खेल को रोकें.”
उन्होंने मंत्री से कहा है कि सस्ती दवाओं को महंगी दर पर खरीदे जाने की जो तैयारी चल रही है उस बारे में मुख्यमंत्री को भी अवगत कराया जाए.
इसके साथ ही उन्होंने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री पर भी निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया है है कि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री द्वारा शुरू किए गए राज्य ख़ज़ाना की कथित लूट का सिलसिला बंद होना चाहिए. यह ज़िम्मेदारी सरकार की है.
