रांचीः झारखंड बीजेपी के नये संगठन महामंत्री पवन साय शुक्रवार को रांची पहुंचे. प्रदेश कार्यालय में उनका जोरदार स्वागत किया गया.
इस दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर प्रदेश की राजनीति और बीजेपी की गतिविधियों की जानकारी ली.
पार्टी कार्यालय में नेताओं, कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नवनियुक्त संगठन महामंत्री पवन साय ने स्वागत के लिए आभार जताया.
उन्होंने कहा कि चुनाव और संगठन की मजबूती को ध्यान में रखते हुए काम करना है. साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2029 चुनाव को ध्यान में रखते हुए जोरदार नारा लगवाया कि ‘हमरे जितब’ (हम जीतेंगे).
इससे पहले भाजपा कार्यालय पहुंचने पर नवनियुक्त संगठन महामंत्री पवन साय ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित किया.
संगठन को मजबूत बनाना है
उन्होंने कहा, “झारखंड़ और छत्तीसगढ़ में बहुत कुछ समानतायें हैं. हम सब को संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम करना है. कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है कि आज पूरे देश में भाजपा का संगठन एक नम्बर पर है. हम सब मिलकर अच्छा उद्देश्य लेकर संगठन को मजबूत करते हुए आगामी चुनाव में भाजपा की सरकार बनेगी, यह विश्वास सबके दिल में होनी चाहिए, इसी भाव से काम करना है.”
उन्होंने कहा, “हम सब मिलकर अच्छा उद्देश्य लेकर संगठन को मजबूत करते हुए आगामी चुनाव में भाजपा की सरकार बनेगी, यह विश्वास सबके दिल में होनी चाहिए, इसी भाव से काम करना है.”

कर्मवीर सिंह को दी गई विदाई
कर्मवीर सिंह को झारखंड से विदाई दी गई है. उन्हें पार्टी ने छत्तीसगढ़ का संगठन महामंत्री बनाया है.
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कर्मवीर सिंह को विदाई देते हुए कहा कि इनके मार्गदर्शन में हम सभी को काम करने का मौका मिला. चार साल तक कर्मवीर सिंह ने आत्मीयता के साथ एक पारिवारिक रिश्ता बनाकर हम सबों के साथ काम किया एवं संगठन को मजबूत बनाने में अहम योगदान दिया.
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने नवनियुक्त प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय का अभिनंदन करते हुए कहा कि इन्हें संगठन में काम करने का एक लंबा अनुभव है. नि:संदेह उनके अनुभव का लाभ झारखंड़ भाजपा को मिलेगा.
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने किया.

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रवींद्र राय, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, भानु प्रताप शाही, गणेश मिश्रा, सरोज सिंह, अमरदीप यादव, शालिनी बैसिखियार, हेमन्त दास, सूरज चौरसिया, दीपक बंका, विधायक नवीन जायसवाल, शशिभूषण मेहता, योगेंद्र प्रताप सिंह, रामाकांत महतो, शोभा यादव, केके गुप्ता, आरती कुजूर समेत कई नेता मौजूद रहे.
कौन हैं पवन साय
आदिवासी नेता पवन साय झारखंड की सीमा से सटे छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के रहने वाले हैं. लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पूर्णकालिक प्रचारक रहे हैं. संघ से भाजपा में आने के बाद वे संगठन को मजबूत करने में लगातार जुटे रहे. करीब 10 वर्षों तक छत्तीसगढ़ भाजपा में प्रदेश संगठन महामंत्री के महत्वपूर्ण पद पर तैनात रहे. छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सत्ता में वापसी में उनकी कार्य क्षमता से नेतृत्व प्रभावित रहा है. जमीनी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद रखने और विवादों से दूर रहने वाले एक कुशल संगठक और रणनीतिकार के रूप में देखा जाता है.
