रांचीः बिहार में कटिहार के कोढ़ा गैंग के साथ रांची पुलिस की हुई मुठभेड़ में एक अपराधी रंगीला के पैर में गोली लगी है. अन्य दो को पुलिस ने दबोचा है.
रांची में छिनतई खासकर महिलाओं, बुजुर्गों के गले से सोने की चेन छिनतई की घटनाओं को लेकर रांची पुलिस के लिए यह गिरोह सिरदर्द बना हुआ है.
रविवार को बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के चुट्टू गांव के पास इस गिरोह के सदस्यों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई. इस मुठभेढ़ में आकाश यादव उर्फ रंगीला के पैर में गोली लगी है.
वहीं, पुलिस ने उसके दो अन्य सहयोगियों अमन यादव और कार्तिक यादव उर्फ दिनेश को खदेड़कर धर दबोचा है.
छिनतई की पांच चेन बरामद
पुलिस ने इनके पास से छीनी गई सोने की पांच चेन बरामद की है. साथ ही इन तीनों की मोटरसाईकिल भी जब्त कर ली गई है.
रांची पुलिस ने बताया है कि तीन अक्टूबर को बरियातू थाना एवं मेसरा ओ०पी० में भी चेन छिनतई की घटना हुई थी.
पुलिस कोढ़ा गैंग के तीन अपराधियों की निगरानी कर रही थी. जिन्हें चार अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया गया.
इन अपराधकर्मियों ने राँची जिले में लगभग एक दर्जन कांडों में अपनी संलिप्तता की बात स्वीकार की है.

कैसे हुई मुठभेड़
पूछताछ के क्रम में इन अपराधियों ने बताया गया कि रिंग रोड़ के करीब चुट्टू गॉव के आस-पास इनके द्वारा हथियार छुपाकर रखा गया है, जिसे वे बरामद करा सकते है.
राँची पुलिस की टीम उक्त अपराधियों को लेकर हथियार बरामदगी के लिए जा रही थी तो तीन अपराधियों में से एक व्यक्ति आकाश यादव उर्फ रंगीला के द्वारा बरियातु थाना के हवलदार रविन्द्र कुमार से पिस्टल छिन कर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया गया.
इसी दौरान थाना प्रभारी, बरियातु के द्वारा आत्मरक्षार्थ फायरिंग की गई, जिसमें एक अपराधकर्मी के पैर में गोली लगने से घायल हो गया और अन्य दो को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ा. आकाश यादव उर्फ रंगीला को ईलाज हेतु रिम्स भेजा गया है.
कहां का है कोढ़ा गैंग, झारखंड में है सिरदर्द
पुलिस के मुताबिक इन तीनों अपराधकर्मियों पर आर्म्स एक्ट, लूट, छिनतई जैसे 40 से अधिक कांड बिहार तथा झारखण्ड के विभिन्न जिलों में दर्ज हैं.
राँची जिले के अलावा हजारीबाग, रामगढ़ तथा धनबाद में भी चेन छिनतई की घटना में यह गिरोह संलिप्त रहा है.
साथ ही कोढ़ा गैंग लंबे समय से बैंक, एटीएम और ज्वेलरी दुकानों में लूट व छिनतई की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है.
कटिहार के कोढ़ा प्रखंड स्थित जुराबगंज और रौतारा थाना क्षेत्र को ऐसे गिरोहों के ठिकाने के रूप में पुलिस की निगरानी में रखा गया है.
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का नेटवर्क झारखंड के अलावा बिहार, छत्तीसगढ़, उत्तरप्रदेश और पश्चिम बंगाल तक फैला हुआ है. इन राज्यों की पुलिस अलग-अलग मामलों में जुराबगंज में छापेमारी कर चुकी है.
पुलिस के अनुसार, कोढ़ा गैंग का सरगना राकेश ग्वाला है. उसकी तलाश लंबे समय से की जा रही है. गिरोह के सदस्य अलग-अलग राज्यों में बैंक ग्राहकों और नकदी लेकर चलनेवाले लोगों को निशाना बनाते हैं.
