झारखंड में आदिवासियों की जमीन और सीएनटी एक्ट के कथित उल्लंघन का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है. पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने राज्य की हेमंत सरकार पर आदिवासी हितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए इस मुद्दे पर प्रदेशव्यापी पदयात्रा निकालने की घोषणा की है. उन्होंने कहा – शिड्यूल एरिया में आदिवासी जमीन की प्रकृति तेजी से बदली जा रही है और जमीन के हस्तांतरण को लेकर नियमों की अनदेखी हो रही है. भाजपा इस मुद्दे पर जनता को जागरूक करेगी और आंदोलन भी करेगी.
सीएनटी एक्ट के उल्लंघन का लगाया आरोप, डोबो का दिया उदाहरण
गुरुवार को निर्मल गेस्ट हाउस में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में अर्जुन मुंडा ने कहा – राज्य सरकार लगातार सीएनटी एक्ट का उल्लंघन कर रही है. इसके कारण शिड्यूल एरिया की डेमोग्राफी बदल रही है. उन्होंने सरायकेला-खरसावां जिले के डोबो का उदाहरण देते हुए कहा कि शिड्यूल एरिया में सीएनटी फ्री के बड़े-बड़े बोर्ड लगाये जा रहे हैं, जबकि ऐसी जमीन किसी भी हाल में ट्रांसफरेबल नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार इसकी अनुमति नहीं दे सकती, लेकिन रजिस्ट्री कार्यालयों के माध्यम से पूरा खेल चल रहा है. अर्जुन मुंडा ने कहा कि झारखंड सरकार आदिवासी पॉलिसी की कमी से जूझ रही है. शहरी क्षेत्रों में तेजी से आदिवासी जमीन की प्रकृति बदली जा रही है.
निशा भगत की आत्महत्या ने सरकार की कलई खोल दी
अर्जुन मुंडा ने निशा भगत की आत्महत्या का मामला उठाते हुए कहा कि इस घटना ने सरकार की कलई खोल दी है. मामले में सीबीआइ जांच का आदेश हुआ है और अब सच सामने आयेगा. उन्होंने बुंडू के रहने वाले एक आदिवासी सरकारी कर्मचारी की रांची में हुई हत्या का भी जिक्र किया. कहा कि घटना के बावजूद अब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हो पायी है.
कांग्रेस पर जनजातीय महापुरुषों की अनदेखी का आरोप
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने जनजातीय महापुरुषों को उचित सम्मान नहीं दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कभी जनजातीय गौरव दिवस की घोषणा नहीं की. विपक्ष पर वोट बैंक की राजनीति करने और संविधान व आरक्षण को लेकर समाज में भ्रम फैलाने का भी आरोप लगाया.
11 से 18 नवंबर तक मनेगा जनजातीय गौरव सप्ताह
अर्जुन मुंडा ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर भाजपा की ओर से आयोजित जनजातीय गौरव सप्ताह की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में 11 से 18 नवंबर तक देशभर में कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं. इसके तहत 239 जनजातीय बहुल जिलों और 568 एसटी विधानसभा क्षेत्रों समेत कुल 807 स्थानों पर स्वाभिमान सम्मेलन, शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं और प्रदर्शनियां आयोजित होंगी. इस दौरान पद्म पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित भी किया जायेगा.
जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट 231 प्रतिशत बढ़ा
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने जनजातीय समाज के विकास को प्राथमिकता दी है. उनके अनुसार, वर्ष 2014-15 में जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट 4,497.96 करोड़ रुपये था, जिसे 2025-26 में बढ़ाकर 14,926 करोड़ रुपये कर दिया गया है. यह करीब 231 प्रतिशत की वृद्धि है. उन्होंने बताया कि 24,104 करोड़ रुपये की पीएम जनमन योजना के माध्यम से 75 विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के 12.37 लाख परिवारों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है. संवाददाता सम्मेलन में महानगर भाजपा अध्यक्ष संजीव सिन्हा, रमेश बास्के, संजय सरदार, जितेंद्र राय और अखिल सिंह उपस्थित थे.
