कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस पर हमला करते हुए कहा है कि दोनों संगठनों को भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपरा की समझ नहीं है.
राहुल गांधी ने रविवार को एक्स पर लिखा है कि “जैसे-जैसे मैं भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को गहराई से समझ रहा हूं, यह बात और भी स्पष्ट होती जा रही है. बीजेपी और आरएसएस असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुष प्रधान सोच रखने वाले संगठन हैं, जिन्हें हमारी आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की बिल्कुल भी समझ नहीं है.”
इस पोस्ट के साथ उन्होंने एलिफेंटा की गुफाओं में बनी भगवान शिव और माता पार्वती की संयुक्त प्रतिमा की तस्वीर भी साझा की. इसे अर्धनारीश्वर स्वरूप के रूप में जाना जाता है.
राहुल की यह टिप्पणी सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन के दौरान माता-पिता के रिश्ते पर दिए उनके बयान को लेकर हुए विवाद के कुछ दिन बाद आई है. माता-पिता के रिश्ते को लेकर राहुल के बयान की भाजपा के कई नेताओं ने आलोचना की थी. हालांकि राहुल ने तब भी इन आलोचनाओं का जवाब दिया था.
इसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा और आरएसएस के समर्थकों के दिलों में डर, गुस्से और नफरत ने जाल बुन दिया है, जिसकी वजह से वे प्यार जाहिर नहीं कर पाते. उन्होंने कहा था कि एक सच्चे हिंदू के तौर पर उनका कर्तव्य है कि वे लोगों को इस जाल से बाहर निकालें, ताकि वे भी प्यार और अपनेपन की खूबसूरती महसूस कर सकें.
