मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के माध्यम से राज्य के विकास को नई गति देते हुए झारखंड को अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करना सरकार का लक्ष्य है. 2050 तक झारखंड को देश के विकसित एवं अग्रणी राज्यों के समकक्ष खड़ा करने के लिए सरकार दूरगामी योजनाओं पर काम कर रही है.
झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन एवं सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर खेलगांव, रांची में आयोजित समारोह में वे बोल रहे थे.
इस अवसर पर सीएम ने लगभग 9 हजार करोड़ रुपए की लागत वाली 1,650 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया.
उन्होंने कहा कि खेल, कला, संस्कृति और शिक्षा में युवाओं की अपार संभावनाएं हैं. राज्य में संभावनाओं और संसाधनों की कोई कमी नहीं है. दृढ़ संकल्प, ईमानदार सोच और सामूहिक प्रयास की जरूरत है. राज्य की सवा 3 करोड़ जनता विशेष कर युवा और नौजवानों के भविष्य को लेकर अबुआ सरकार की सोच और प्रतिबद्धता समर्पित है. झारखंड ने अपनी अलग पहचान स्थापित की है और अब विकास के हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित करते हुए नई ऊंचाइयों को हासिल करना है.
यह राज्य खून-पसीने से सींचा गया है
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि यह राज्य खून-पसीने से सींचा गया है. लंबे संघर्ष के बाद राज्य का निर्माण हुआ. अपने हक-अधिकार के लिए, कानूनी व राजनीतिक हर संघर्ष के लिए राज्य सक्षम है. उन्होंने कहा कि पखवाड़े में आज्य के विभिन्न जिलों व सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आई दीदियों और महिला समूहों के उत्पादों को प्रदर्शित व बिक्री की जा रही है। उनके उत्पादों का एक बड़ा बाजार मिला है.
इस मौके पर जेल में रह रहे बंदियों के मानवीय व्यवहार से संबंधित “The Jharkhand Prison JOURNAL 2025” पुस्तिका का विमोचन किया गया. वहीं वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा निर्मित फिल्म ‘अरण्य’ का कटेन रेजर की प्रस्तुति हुई.
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्र के लोगों को सम्मानित किया गया. इसमें मुख्य रूप सेपु लिस पदाधिकारी व जवानों को पुलिस सेवा के लिए झारखंड मुख्यमंत्री पदक से अलंकृत किया गया. वहीं राज्य के विभिन्न जिलों में विभिन्न विभागों में बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारी, कर्मी, खिलाड़ी और कलाकारों को भी सम्मानित किया गया. इसके अलावा मैट्रिक, इंटर, इंजीनियरिंग आदि परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद राशि, लैपटॉप आदि से सम्मानित किया गया.
