केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बुधवार को अतुल्य भारत पोर्टल पर ‘ऐज सीन ऑन नेटफ्लिक्स’ सेक्शन का शुभारंभ किया.
इसे पर्यटन मंत्रालय और नेटफ्लिक्स इंडिया के बीच चल रहे सहयोग के तहत विकसित किया गया है.
इस पहल का मकसद दुनिया भर के दर्शकों को नेटफ्लिक्स इंडिया की फिल्मों और सीरीज में दिखाई गई वास्तविक स्थलों, सांस्कृतिक परंपराओं और असल अनुभवों को जानने का मौका देना है, जिससे भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा मिल सके.
भारत में नेटफ्लिक्स के दस साल पूरे होने के उपलक्ष्य में नई दिल्ली में स्थित नैशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट (एनजीएमए) में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में इसका शुभारंभ किया गया.
नेटफ्लिक्स के सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी सारंडोस ने केंद्रीय मंत्री के साथ भारत की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन और रचनात्मक अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में कहानी कहने (स्टोरीटेलिंग) की अहम भूमिका पर बातचीत की.
इस अवसर पर गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारत की कहानियों ने हजारों वर्षों से दुनिया को प्रेरित किया है और प्रौद्योगिकी अब इन कहानियों को दुनिया के हर कोने तक ले जाने का एक अभूतपूर्व अवसर प्रदान करती है. उन्होंने कहा कि रचनात्मक अर्थव्यवस्था भारत की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करते हुए रोजगार के अवसर सृजित करके विकास के एक शक्तिशाली वाहक के रूप में उभर रही है.
केंद्रीय मंत्री ने ऐसी साझेदारियों का स्वागत किया जो भारतीय प्रतिभा को सशक्त बनाती हैं, देश की विविधता का उत्सव मनाती हैं और उसकी सभ्यतागत विरासत को असल रूप में दुनिया के सामने लाती हैं.
उन्होंने आगे इस बात पर जोर दिया कि संस्कृति केवल भारत की विरासत नहीं है, बल्कि इसकी सबसे बड़ी रणनीतिक ताकतों में से एक है और हर ऐतिहासिक महत्व का स्थान, त्योहार, भाषा और लोक-परंपरा में ऐसी कहानियां छिपी हैं जो दुनिया भर के लोगों तक पहुंचने लायक हैं.
उन्होंने भारत की कहानियों और स्थलों को वैश्विक दर्शकों तक ले जाने के लिए संस्कृति मंत्रालय और पर्यटन मंत्रालय के साथ अपनी साझेदारी जारी रखने के लिए नेटफ्लिक्स की प्रतिबद्धता जताई. वहीं, केंद्रीय मंत्री और सारंडोस ने देश की रचनात्मक अर्थव्यवस्था (क्रिएटिव इकॉनमी) को मजबूत करते हुए और भारत के वैश्विक सांस्कृतिक पहचान को बढ़ाते हुए भारत की विविध संस्कृतियों, परिवेश और परंपराओं पर आधारित सच्ची कहानियों को बढ़ावा देने के लिए अपनी साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की.
