पटनाः बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए बुधवार, 30 जुलाई को वोट डाले जाएंगे.
इस बार 3,79,616 मतदाता 25 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे.
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के इस्तीफे से खाली हुई सीट पर हो रहे उपचुनाव पर देश की नजरें टिकी हैं.
भाजपा से नीरज कुमार सिन्हा चुनाव लड़ रहे हैं. उनके मुकाबले में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर और राजद की रेखा गुप्ता भी खम ठोंक रही हैं.
भाजपा की जीत को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नितिन नबीन समेत एनडीए के सभी प्रमुख नेताओं ने जमकर प्रचार किया है. दूसरी तरफ प्रशांत किशोर ने भी खूब पसीना बहाया है.
इससे पहले मंगलवार को चुनावकर्मियों को ईवीएम और अन्य चुनावी सामग्री सौंप दी गई. पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गई हैं. प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है.
.
मतदान के लिए कुल 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. इसमें 247 मतदान केंद्र सरकारी भवनों में वहीं 175 मतदान केंद्र निजी भवनों में बनाए गए हैं. इसके अलावा मतदाताओं की सुविधा के लिए 29 मोबाइल मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं.
शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. बांकीपुर में पैरामिलिट्री फोर्स की 14 कंपनियां तैनात की गई हैं. इसके अलावा पूरे क्षेत्र में 28 विशेष चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं. यहां हर छोटे-बड़े वाहन की जांच की जा रही है.
पटना आईजी जितेंद्र राणा ने सभी डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर और थानाध्यक्षों को लगातार गश्त करने और आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया है. संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है.
