पटनाः बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. बीजेपी और जदयू नेताओं के बीच मुलाकातों का दौर जारी है. नीतीश कुमार से भी मिलने का सिलसिला जारी है.
मंगलवार को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पटना पहुंच रहे हैं. विधायक दल का नेता चयन को लेकर उन्हें नेतृत्व ने पर्यवेक्षक नियुक्त किया है.
इस समय सरकार गठन की गतिविधियों का केंद्र नीतीश का सीएम आवास और सम्राट चौधरी का डिप्टी सीएम आवास बना हुआ है।
मंगलवार को ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के विधायक दल की बैठक सीएम आवास पर बुलाई है. जबकि भाजपा ने 3 बजे विधायकों की बैठक बुलाई है, जहां केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान विधायक दल के नेता यानी राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान करेंगे.
जेडीयू और भाजपा की बैठकों के बाद शाम 4 बजे विधानमंडल के सेंट्रल हॉल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें भाजपा विधायक दल के नेता को गठबंधन का नेता चुना जाएगा. इसके बाद राजभवन में दावा पेश किया जा सकता है.
भाजपा के नेतृत्व में बनती दिख रही एनडीए की सरकार का 15 अप्रैल को शपथ ग्रहण समारोह संभावित है.
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के आवास पर भी सोमवार को एनडीए के नेताओं की बैठकें होती रही. जेडीयू के नेता संजय झा और ललन सिंह ने उनसे मुलाकात की. फिर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी पहुंचे थे.
