रांचीः झारखंड प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में पार्टी नेताओं का एक प्रतनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मिलकर उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा के मामले में सीबीआई जांच की मांग की है.
भाजपा ने राज्यपाल को बताया है कि रांची जिले तमाड़ के एक निर्माणाधीन भवन में परीक्षा माफियाओं द्वारा प्रश्न पत्र के उत्तर रटवाने सहित अन्य गड़बड़ी करने की बात सामने आई है. इस मामले में 150 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है. इस दौरान कंप्यूटर, प्रिंटर, लैपटॉप, संदिग्ध प्रश्नपत्र, नोट्स, कई गाड़ियों की बरामदगी की बात सामने आ रही है.
583 पदों के लिए
गौरतलब है कि राज्य के आठ जिलों में 370 केन्द्रों पर 583 पदों के लिए यह परीक्षा आयोजित थी। जिसमें 1,48,224 अथ्यर्थी शामिल हुए हैं.
भाजपा का कहना है कि जब एक केंद्र पर जब 150 से अधिक गिरफ्तारी हुई है तो शेष केन्द्रों पर भी माफियाओं की टीम सक्रिय रही होगी. निश्चित रूप से उन केन्द्रों पर भी इस प्रकार की गड़बडियों की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है.
बावजूद जेएसएससी इतनी चीजों की बरामदगी, तमाम खुलासे, 150 से अधिक गिरफ्तारी के बावजूद इस परीक्षा में पेपर लीक होने की बात से साफ इंकार कर रहा है. जेएसएससी के इस रूख से दाल में कुछ न कुछ काला नजर आना स्वाभाविक है.
इतना ही नहीं, बताया तो यह भी जा रहा है कि परीक्षा गैंग द्वारा अभ्यर्थियों के मोबाईल फोन, एडमिट कार्ड भी जब्त कर लिये गये थे. वहीं अभ्यर्थियों से एडवांस के तौर पर चेक भी लेने की बात सामने आ रही है. साथ ही हर अथ्यर्थी से 15-15 लाख रूपये में सौदा तय करने की बात का भी खुलासा हो चुका है।
राज्यपाल से मिलने वालों में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, भानु प्रताप शाही, बालमुकुंद सहाय, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, विधायक सी.पी. सिंह तथा प्रदेश प्रवक्ता अमित मंडल शामिल रहे.
