सम्राट चौधरी ने पटना में बिहार के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले ली है. इसकेसाथ ही पहली बार बिहार में बीजेपी के नेता के सिर मुख्यमंत्री का ताज सजा है.
पटना स्थित लोकभवन में सैयद अता हसनैन ने सम्राट चौधरी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई है.
मुख्यमंत्री के अलावा जदयू के विजय चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव ने मंत्री पद की शपथ ली है. दोनों के पास डिप्टी सीएम का दर्जा रहेगा.
शपथ ग्रहण समारोह में नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और चिराग पासवान समेत एनडीए के कई बड़े नेता मौजूद थे.
शपथ लेने से पहले सम्राट चौधरी पटना के राजवंशी नगर स्थित पंचरूपी हनुमान मंदिर पहुंचे. वहां उन्होंने पूजा की और आशीर्वाद लिया.
मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने के बाद उन्होंने बिहार के लोगों को भरोसा दिलाया कि जिस रास्ते पर इससे पहले की सरकार चल रही थी ठीक उसी पैटर्न पर नई सरकार भी काम करेगी.
सम्राट चौधरी ने कहा, “बिहार की समृद्धि के लिए आज मुख्यमंत्री का पद ग्रहण किया हूं। आज से ही बिहार के लिए काम शुरू कर दिया है. बिहार में नरेंद्र मोदी और नीतीश मॉडल ही चलने वाला है.”
शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने एक्स पर लिखा, “मैं सम्राट चौधरी ईश्वर की #शपथ लेता हूँ कि…लोकभवन में आज बिहार के #मुख्यमंत्री पद का #शपथग्रहण किया। बिहार की देवतुल्य जनता के विश्वास को सर्वोपरि रखते हुए, विकास और समृद्धि की दिशा में हर कदम समर्पित होगा. इस नवीन जिम्मेदारी के लिए देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, नीतीश कुमार जी, माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी एवं समस्त एनडीए नेतृत्व का धन्यवाद-आभार करता हूँ एवं सभी के मार्गदर्शन में सशक्त बिहार के निर्माण के लिए संकल्पित हूँ.”
शपथ ग्रहण समारोह के बाद विजय कुमार चौधरी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “नीतीश जी ने मुझ पर विश्वास जताया ये उसी का नतीजा है. उन्होंने बिहार को जिस रास्ते पर बढ़ाया है उसी रास्ते पर हमारी नई सरकार भी चलेगी.”
वहीं विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा, “हम नीतीश कुमार जी के काम ही आगे बढ़ाएंगे.”
