रांचीः लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन बिल गिरने के बाद झारखंड में बीजेपी ने मोर्चा खोल रखा है. इस बीच कांग्रेस के द्वारा बीजेपी पर लगाए गए आरोपों के जवाब में पार्टी की विधायक नीरा यादव ने पलटवार किया है.
उन्होंने कहा कि विपक्ष ने महिला आरक्षण पर जो कारनामा किया है, उनकी कारगुजारियों को गांव-गांव तक पहुंचाने की हमारी कोशिश जारी रहेगी.
उन्होंने कहा, भारतीय जनता पार्टी महिला सशक्तिकरण, संतुलित प्रतिनिधित्व और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है. प्रधानमंत्री ने भी सभी दलों से दलगत भाषण से ऊपर उठकर इसमें सहयोग करने की अपील की थी. लेकिन विशेष सत्र में एक बार फिर कांग्रेस सहित विपक्षियों का राजनीतिक चरित्र दिख गया. इतना ही नहीं विधेयक पास नहीं होने पर विपक्षी उत्सव मनाने में जुटे रहे.
उन्होंने सवाल किया कि क्या सिर्फ एनडीए की महिलाओं के लिए यह अधिनियम था ? क्या इसका लाभ पूरे देश की महिलाओं को नहीं मिलता ? इस अधिनियम के विरोध के पीछे कांग्रेस ने परिसीमन का बहाना बनाया तो कांग्रेसियों को यह बताना चाहिए कि क्या बिना परिसीमन आरक्षण संभव है ? कांग्रेस ने एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक अवसर को खो दिया. भाजपा आश्वस्त करती है जब तक पीएम मोदी हैं, एनडीए है, तब तक महिलाओं को चिंता करने की जरूरत नहीं है.
गौरतलब है कि गुरुवार को हेमंत सरकार की मंत्री और कांग्रेस की नेता शिल्पी नेहा तिर्की ने महिला आरक्षण संशोधन बिल को लेकर बीजेपी और केंद्र की सरकार पर कड़ा प्रहार किया था. उन्होंने कहा था कि पीएम मोदी को अगर महिलाओं के आरक्षण की चिंता है, तो 2023 में पारित बिल को लागू कर महिलाओं के लिए 33 प्रतितशत आरक्षण का मार्ग प्रशस्त करें.
