भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को पार्टी के नए पदाधिकारियों की घोषणा की है.
इस घोषणा में नए राष्ट्रीय उपाध्यक्षों, महासचिवों, संयुक्त सचिवों, कोषाध्यक्ष और अलग-अलग मोर्चा के अध्यक्षों के नाम शामिल हैं.
बीजेपी ने 13 उपाध्यक्षों के नामों की घोषणा की है. इनमें वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव बैजयंत जय पांडा, डी पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, एम. नागराजा, तारिक मंसूर और मधुचंद्र कर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष होंगे.
वहीं, राष्ट्रीय महासचिव के लिए आठ नाम, राष्ट्रीय सचिव के लिए 16 नामों की घोषणा की गई है.
विनोद तावड़े और स्मृति ईरानी भी राष्ट्रीय महासचिवों में से एक होंगे, जबकि पीयूष गोयल राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष होंगे.
सात अलग-अलग मोर्चा अध्यक्षों में सबसे ज़्यादा चर्चा कुंवर बासित अली और हेमांग जोशी की है. कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा का और हेमांग जोशी को युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है.
नया सोशल मीडिया इंचार्ज दीपक म्हस्के को बनाया गया है जबकि इस पद पर अब तक चर्चित नेता अमित मालवीय थे.
कैमिस्ट्री के टीचर से अपने करियर की शुरुआत करने वाले 58 वर्षीय दीपक म्हस्के, छत्तीसगढ़ में बीजेपी के प्रवक्ता रह चुके हैं.
इसके अलावा वो पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अधीन इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के बोर्ड में गैर-सरकारी, स्वतंत्र निदेशक के रूप में कार्यरत रहे हैं.
बीजेपी ने सात अलग-अलग मोर्चों के लिए भी अध्यक्षों के नाम की घोषणा की है.
इसमें युवा मोर्चा के लिए हेमांग जोशी के नाम की घोषणा की गई है. अब तक इस पद पर बेंगलुरु साउथ से बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या थे.
वहीं अल्पसंख्यक मोर्चा की ज़िम्मेदारी कुंवर बासित अली को दी गई है. अब तक इस पद पर जमाल सिद्दीक़ी थे.
उत्तर प्रदेश के मेरठ ज़िले से संबंध रखने वाले कुंवर बासित अली राज्य में बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष रह चुके हैं.
छत्तीसगढ़ में ही महासमुंद लोकसभा क्षेत्र से सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है.
